मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM

मसूरी राधा कृष्ण मंदिर के सभागार में मसूरी कप-2021 ताइक्वांडो क्योरूगी पूमसे चैंपियनशिप का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया . मसूरी ताइक्वांडो अकादमी द्वारा जहेन स्पोर्ट्स ताइक्वांडो अकादमी ऑफ दून और ताइक्वांडो एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के सहयोग से हुआ .

चैंपियनशिप में देश भर से करीब 300 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। पहले दिन मसूरी में ताइक्वांडो की विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने अपने हुनर का प्रदर्शन किया। वहीं खिलाड़ियों का हुनर देख हर कोई हैरान रह गया.

इससे पूर्व मसूरी ताइक्वांडो अकादमी के अध्यक्ष अमित मल्होत्रा, उपाध्यक्ष अजय हांडा और सचिव संदीप सैनी ने संयुक्त रूप से गणेश जोशी को गुलदस्ता व स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। इस दौरान उपाध्यक्ष अजय हांडा ने कहा कि कोरोना के कारण 2 साल से प्रतियोगिता का आयोजन नहीं हो रहा था, जिससे खिलाड़ी काफी निराश हैं. मसूरी ताइक्वांडो अकादमी और अन्य अकादमियों के सहयोग से मसूरी में ताइक्वांडो राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देश भर से 300 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अकादमी का उद्देश्य खिलाड़ियों के कौशल को निखारना और उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक मंच प्रदान करना है, ताकि वे पूरी दुनिया में अपने राज्य के साथ-साथ देश का नाम रोशन कर सकें।

वहीं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने प्रतियोगिता के आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि प्रतियोगिता कराने से बच्चों को पहले की तरह अपने हुनर का प्रदर्शन करने का मौका मिलेगा. इस प्रकार की प्रतियोगिता से बच्चों की शारीरिक फिटनेस को भी फायदा होगा। उन्होंने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहित कर विभिन्न खेलों का आयोजन कर रही है.