मसूरी, PAHAAD NEWS TEAM

फेसबुक पर युवती को प्रेम जाल में फंसाकर दुष्कर्म करने वाले शातिर आरोपी को कैंपटी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल राजन सिंह ने बताया कि थाना कैंपटी क्षेत्र में एक गरीब परिवार की लड़की अपने परिवार का पेट पालने के लिए बाहर काम करती है. ऐसे में आरोपित ने फेसबुक पर दोस्त बनाकर उसे अपनी हवस का शिकार बना लिया था।

पुलिस के मुताबिक, फेसबुक के जरिए आरोपी हरप्रीत सिंह (23 वर्षीय) ऊधम सिंह नगर निवासी ने लड़की को अपने प्रेम प्रसंग में फंसाया था. जिसके बाद वह व्हाट्सएप वीडियो कॉल के जरिए उसकी न्यूड वीडियो रिकॉर्ड करता था। जिसका पता लड़की भी नहीं लगा पाई। ऐसे में आरोपितों ने बदनाम करने की धमकी देकर उसका शोषण किया।

वहीं, बाद में आरोपी ने इन सबके बावजूद पीड़िता का न्यूड वीडियो अपने इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। वहीं पीड़िता कई बार आरोपी से वीडियो डिलीट करने की मांग करती रही लेकिन आरोपी नहीं माना। जिसके बाद आरोपी ने पीड़िता का वीडियो वायरल कर दिया।

ऐसे में पीड़िता कैंपटी थाने पहुंची और अपनी आपबीती सुनाई. जिसके बाद थाना प्रभारी नवीन जुराल ने आरोपी के खिलाफ धारा 376, 504, 506, 120बी के तहत मामला दर्ज कर लिया. वहीं, पीड़िता का मेडिकल और 164 के बयान दर्ज कराए गए ।

एसएसपी टिहरी गढ़वाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के आदेश पर उस क्षेत्र के अधिकारी नरेंद्र नगर ने कैम्पटी थाना प्रभारी नवीन जुराल के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गठित की और आरोपी हरप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया. जिसको कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।