हल्द्वानी , PAHAAD NEWS TEAM

कहते हैं शौक बड़ी चीज है. अब हल्द्वानी निवासी प्रमोद अग्रवाल और उनकी पत्नी अनीता अग्रवाल को ही देखिए, उनके अनोखे शौक ने उन्हें लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में जगह दिला दी है। प्रमोद और अनीता के पास सुनहरे रंग के 5 रुपये के सिक्कों का सबसे बड़ा संग्रह है। इस रिकॉर्ड के लिए उनका नाम लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज है. प्रमोद और अनीता के पास 2727 सुनहरे \ रंग के पांच रुपये के सिक्के हैं। जिसमें 119 अलग-अलग डिजाइन हैं। उत्तराखंड के इस जोड़े ने तिरुपति निवासी गनी कोटा लाहिड़ी का रिकॉर्ड तोड़ा है। जिन्होंने 32 अलग-अलग डिजाइन के 2035 सुनहरे रंग के 5 रुपये के सिक्कों के साथ यह मुकाम हासिल किया है। प्रमोद अग्रवाल का कहना है कि हमने 26 मई 2014 से 5 रुपये के सुनहरे रंग के सिक्के जमा करना शुरू किया था। संयोग से यह वही दिन था जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पदभार ग्रहण किया था। साल 2024 तक जब पीएम 10 साल का कार्यकाल पूरा कर लेंगे, तब तक हमारा लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा सिक्के जमा करने का है। प्रमोद और अनीता के सिक्के संग्रह में विशेष दिनों के सिक्के और व्यक्तित्व विशेष शामिल हैं। दांडी यात्रा, दादाभाई नौरोजी, मदन मोहन मालवीय, दिल्ली राष्ट्रमंडल खेल, मदर टेरेसा, विवेकानंद और माता वैष्णो देवी सहित कई स्मारकों के चित्रों वाले सिक्के उनके संग्रह को सुशोभित करते हैं। उत्तराखंड के इस जोड़े ने अब लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में जगह बनाकर राज्य को गौरवान्वित किया है।