हल्द्वानी , PAHAAD NEWS TEAM

मुख्य विकास अधिकारी के औचक निरीक्षण में तीन विभागों के कार्यालयों में अधिकारी गायब मिले. ऐसे में मुख्य विकास अधिकारी संदीप तिवारी ने संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब करने के साथ ही जांच के आदेश दिए हैं. मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जांच में यदि कोई कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

जानकारी के अनुसार, मुख्य विकास अधिकारी संदीप तिवारी (सीडीओ संदीप तिवारी) ने बुधवार शाम चार बजे से पांच बजे के बीच विकास भवन स्थित मुख्य कृषि अधिकारी के कार्यालय का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्हें कार्यालय में ताला लटका मिला । इसके अलावा शाम पांच बजे से पहले जब वह मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी के कार्यालय पहुंचे तो अधिकारी कार्यालय से निकल कर घर के लिए निकल चुके थे. जिसके बाद उन्होंने पशु चिकित्सा अधिकारी को फोन कर कार्यालय बुलाया। इसके अलावा पंचायती राज अधिकारी कार्यालय में भी अधिकारी नदारद रहे। जिस पर उन्हें बताया गया कि अधिकारी क्षेत्र के दौरे पर हैं।

वहीं सीडीओ संदीप तिवारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान उन्हें जिला कृषि अधिकारी के कार्यालय में ताला लटका मिला. ऐसे में उनसे जवाब मांगा गया है। इसके अलावा मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी समय से पहले ही अपना कार्यालय बंद कर घर चले गए थे। जिसके बाद उन्हें फोन कर इस मामले में स्पष्टीकरण मांगा गया है।

इसके अलावा पंचायती राज अधिकारी कार्यालय में नदारद हैं। बताया गया है कि वह फील्ड में हैं। ऐसे में गुरुवार को उनसे फील्ड रिपोर्ट मांगी जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को भी निर्देश दिया गया है कि वे निर्धारित समय से पहले कार्यालय न छोड़ें. वहीं अगर जांच में कर्मचारी दोषी पाए जाते हैं तो उनका एक दिन का वेतन रोकने की कार्रवाई की जाएगी।