पिथौरागढ़ , PAHAAD NEWS TEAM
टनकपुर-पिथौरागढ़ ऑल वेदर रोड चुनावी मौसम में राजनीति का केंद्र बना हुआ है. जहां बीजेपी इस सड़क को कुमाऊं की 6 विधानसभा सीटों के लिए गेम चेंजर होने का दावा कर रही है. वहीं कांग्रेस ऑल वेदर रोड की बदहाली पर सवाल खड़ा करते हुए बीजेपी के दावे पर सवाल उठा रही है.
टनकपुर से पिथौरागढ़ तक ऑल वेदर रोड पर सियासत तेज हो गई है। 150 किलोमीटर लंबी इस सड़क को बनाने में 12 सौ करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं. भाजपा का कहना है कि ऑल वेदर रोड बनने से चंपावत और पिथौरागढ़ की राह आसान हो गई है। साथ ही इन दोनों जिलों में पर्यटन व्यवसाय भी फल-फूलेगा। वहीं, बीजेपी का दावा है कि ऑल वेदर रोड का लाभ लोगों को मिलने से चुनाव में भाजपा की राह आसान होगी .
बता दें कि चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में 6 विधानसभा सीटें हैं. बीजेपी को भरोसा है कि इन सीटों पर पार्टी को ऑल वेदर रोड का फायदा मिलेगा. वहीं कांग्रेस इस मुद्दे पर बीजेपी पर हमला बोल रही है. कांग्रेस का कहना है कि ऑल वेदर रोड पूरी तरह से मलबे से पटी हुई है। जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। 150 किमी लंबी इस सड़क पर जगह-जगह पहाड़ टूट रहे हैं, जिससे यात्रियों की जान को खतरा है। ऐसे में बीजेपी को ऑल वेदर रोड का फायदा मिलने की बजाय चुनाव में इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी.

