डोईवाला , पहाड़ न्यूज़ टीम
चारधाम यात्रा 2022 में भारी भीड़ जुट रही है. इसका फायदा जौलीग्रांट एयरपोर्ट को भी मिल रहा है. जॉली ग्रांट एयरपोर्ट के लिए शुक्रवार का दिन बेहद खास रहा। इस दिन सबसे ज्यादा हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या दर्ज की गई है। शुक्रवार को जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पर 6,280 यात्री पहुंचे थे। यह अब तक का सबसे अधिक यात्रियों का रिकॉर्ड है। पहले यह संख्या केवल डेढ़ हजार के आसपास थी।
एयरपोर्ट निदेशक प्रभाकर मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार को 6,280 यात्री जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे. यह अब तक एक दिन में पहुंचने वाले यात्रियों की सबसे अधिक संख्या थी। हवाईअड्डा निदेशक ने कहा कि कोरोना काल में हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या में भारी कमी आई है. इस बार चारधाम यात्रा जोरों पर है। इसका असर जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पर भी दिख रहा है। हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।
बता दें कि जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर कई शहरों से फ्लाइट आ रही हैं। इसमें दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, लखनऊ, हैदराबाद आदि शहरों सहित एयरपोर्ट पर रोजाना करीब 22 फ्लाइट चल रही हैं। आने वाले दिनों में फ्लाइट की संख्या और बढ़ सकती है। उम्मीद की जा रही है कि फ्लाइट के बढ़ने से यात्रियों की संख्या में भी इजाफा होगा।

