देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड में बेरोजगारी से लेकर पलायन तक की समस्याओं को रोकने के लिए कृषि के अलावा पशुपालन एवं डेयरी विभाग का महत्वपूर्ण स्थान है. इसे समझते हुए डेयरी विकास विभाग के अधिकारियों को दूध मूल्य प्रोत्साहन राशि और मानदेय बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं, इतना ही नहीं उन्हें डेयरी के माध्यम से युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में भी काम करने का निर्देश दिया गया है.
उत्तराखंड दुग्ध विकास विभाग राज्य के युवाओं और महिलाओं को दुग्ध उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करने का प्रयास कर रहा है। विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान भी विभागीय मंत्री सौरभ बहुगुणा द्वारा इसे देखते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. इसी कड़ी में अब दुग्ध मूल्य प्रोत्साहन योजना के तहत प्रोत्साहन राशि को ₹4 प्रति लीटर से बढ़ाकर ₹5 प्रति लीटर करने और पहाड़ी क्षेत्रों में मानदेय 50 पैसे से बढ़ाकर ₹1 करने और मैदानी क्षेत्र में 50 पैसे प्रति लीटर करने के निर्देश दिए गए हैं ।
इतना ही नहीं सहकारिता विभाग की तरह साइलेज अनुदान को भी 50 प्रतिशत से बढ़ाकर 75 प्रतिशत करने को कहा गया है। विभाग को महिला समूह को दुग्ध समिति से जोड़ते हुए योजना का लाभ देने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने के भी निर्देश दिये गये हैं. साथ ही आवंटित लक्ष्य के मुकाबले शत-प्रतिशत दूध खरीद और विपणन सुनिश्चित करने को कहा है।

