देहरादून, पहाड़ न्यूज टीम
उत्तराखंड में अधिकारियों व कर्मचारियों के समय पर आगमन को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सख्ती के बाद अब विभिन्न विभाग भी एक्शन मोड में नजर आने लगे हैं. इसी कड़ी में स्वास्थ्य विभाग ने राज्य भर के सीएमओ, डॉक्टर और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को भी अस्पताल या कार्यालय समय पर आने के सख्त निर्देश जारी किए हैं.
देहरादून में आरटीओ कार्यालय पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की छापेमारी के बाद की गई कार्रवाई ने अन्य विभागों को भी एक बड़ा संदेश दिया है. अन्य सभी विभागों के साथ अब स्वास्थ्य विभाग ने भी डॉक्टरों व अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को समय से कार्यालय आने का निर्देश जारी किया है. खास बात यह है कि इस मामले पर स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. शैलजा भट्ट ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के सभी सीएमओ को दिशा-निर्देश दिए हैं. इतना ही नहीं स्वास्थ्य महानिदेशालय में बायोमीट्रिक शुरू करते हुए जल्द ही इसके रिकॉर्ड खंगालने की भी तैयारी की जा रही है.
स्पष्ट है कि स्वास्थ्य विभाग ने भी उन कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने का मन बना लिया है जिनकी रिपोर्ट समय पर कार्यालय नहीं आने की है. इससे पहले एमडीडीए समेत सभी विभागों की ओर से कर्मचारियों को देर से आने पर नोटिस जारी किया जा चुका है. इसी कड़ी में आगे बढ़ते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी बायोमेट्रिक रिपोर्ट की जल्द जांच करने और राज्य भर के अस्पतालों और कार्यालयों में डॉक्टरों और अन्य कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने का प्रयास किया है.
सीएचसी का निरीक्षण : स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने बाजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया. स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने स्वास्थ्य केंद्र के इमरजेंसी वार्ड, जनरल वार्ड समेत सरकारी आवासों का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि जल्द ही स्वास्थ्य केंद्र में खाली पड़े डॉक्टरों के पदों पर डॉक्टरों की तैनाती की जाएगी और अल्ट्रासाउंड मशीन के संचालन के लिए टेक्नीशियन उपलब्ध कराए जाएंगे.

