हल्द्वानी , PAHAAD NEWS TEAM
गर्मी के शुरुआती दिनों में नैनीताल जिले के कई इलाकों में इन दिनों पेयजल संकट खड़ा हो गया है. पेयजल संकट इतना गहरा गया है कि लोग जगह-जगह प्रदर्शन कर पेयजल की मांग कर रहे हैं. ऐसे में पेयजल संकट को देखते हुए जिलाधिकारी ने गर्मी के मौसम तक निर्माण कार्यों को रोकने की बात कही है. इसके साथ ही पानी की बड़ी व्यावसायिक गतिविधियों पर रोक लगाने की भी योजना है। ताकि पानी की समस्या न हो।
जिलाधिकारी नैनीताल धीरज सिंह गर्ब्याल ने कहा कि मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ी इलाकों में भी पेयजल संकट पैदा हो गया है. जहां मैदानी इलाकों में पानी नहीं पहुंच रहा है वहां टैंकरों से पेयजल की आपूर्ति की जा रही है. पहाड़ी इलाकों में जहां टैंकर नहीं पहुंच पा रहा है वहां घोड़े और खच्चर से पीने के पानी की आपूर्ति की जा रही है. ताकि लोगों को पीने के पानी की समस्या न हो।
डीएम ने कहा कि जल संस्थान को निर्देश दिया गया है कि इसे देखते हुए पेयजल संकट गहराए नहीं और जल्द ही अपनी योजना उपलब्ध कराएं. ताकि बजट जारी कर पेयजल व्यवस्था को और बेहतर किया जा सके। गौरतलब है कि गर्मी के शुरुआती दिनों में जिले के कई इलाकों में पेयजल संकट खड़ा हो गया है. पेयजल संकट को लेकर लोग जगह-जगह विरोध कर रहे हैं और पेयजल व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं. ऐसे में मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी के आदेश पर जिला प्रशासन भवन निर्माण पर रोक लगाने के साथ ही पानी की व्यावसायिक गतिविधियों पर भी रोक लगाने जा रहा है.

