देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शनिवार को 2025 तक आत्मनिर्भर उत्तराखंड सम्मेलन होगा। अगले पांच साल में राज्य को अपने पैरों पर खड़ा करने के लिए नीति आयोग समेत विभिन्न विशेषज्ञ मंथन करेंगे।
मुख्यमंत्री आवास स्थित जनता मिलन सभागार में सुबह उद्घाटन सत्र को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ ही नीति आयोग के उपाध्यक्ष राजीव कुमार, पद्मभूषण डा अनिल जोशी, केंद्र सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार, मुख्य सचिव डा एसएस संधु, अपर मुख्य सचिव नियोजन मनीषा पंवार और नियोजन सचिव बीबीआरसी पुरुषोत्तम संबोधित करेंगे। सम्मेलन चार तकनीकी सत्रों में होगा। पहला सत्र जलवायु और प्राकृतिक संसाधनों पर होगा। इसके पैनल में पद्म भूषण डॉ. अनिल जोशी, नीति आयोग विशेषज्ञ सलोनी गोयल, वाडिया संस्थान के निदेशक डा कालाचंद सैन , आईसीएआर के प्रभारी निदेशक व भारतीय वन्यजीव संसथा के निदेशक डा धनंजय मोहन शामिल हैं।
प्रौद्योगिकी आधारित सेवा वितरण विषय पर दूसरे सत्र को केंद्र सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार डा के विजय राघवन, नीति आयोग के वरिष्ठ विशेषज्ञ रामा एम कामा राजू, इंडियन इंस्टीट्यूट आफ रिमोट सेंसिंग निदेशक डा प्रकाश चौहान, जैव प्रौद्योगिकी सचिव डा राजेश गोखले द्वारा संबोधित किया जाएगा। तीसरे सत्र की थीम अर्थशास्त्र और रोजगार पर रखी गई है।
पैनल में सीएसआईआर से डा शेखर सी मांडे, नीति आयोग से डा नीलम पटेल, अजित पाय, वीपीकेएएस अल्मोड़ा के निदेशक डा लक्ष्मीकांत शामिल हैं। चौथे तकनीकी सत्र में ढांचागत विकास विषय पर नीति आयोग की वरिष्ठ विशेषज्ञ अल्पना जैन, सेंट्रल बिल्डिंग रिसर्च इंस्टीट्यूट निदेशक डा एन गोपालकृष्णन, आइआइपी के निदेशक डा अंजन राय बतौर पैनलिस्ट विचार रखेंगे।

