देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM
विरोध के स्वर मुखर होने के बाद उत्तराखंड वन सेवा के अधिकारियों के हालिया तबादले पर सरकार ने यू-टर्न ले लिया है. चार दिन पहले वन विभाग में हुए बंपर तबादलों में कुछ वन अधिकारियों के तबादले रद्द कर दिए गए हैं. उत्तराखंड में हाल ही में जारी वन सेवा अधिकारियों की तबादला सूची ने सरकार के लिए मुसीबत खड़ी कर दी थी। कई अधिकारियों ने अपनी एसोसिएशन को पत्र लिखकर इस मामले की शिकायत की थी। जिसके बाद सरकार ने यह फैसला लिया है।
स्थानांतरण आदेश के खिलाफ आईएफएस एसोसिएशन द्वारा मोर्चा खोले जाने के बाद कुछ वन अधिकारियों की पोस्टिंग रद्द कर दी गई है। दरअसल अधिकारियों के तबादलों में नियमों की अनदेखी की शिकायतें मिल रही थीं और इस मामले में आईएफएस अधिकारियों ने भी आईएफएस एसोसिएशन से शिकायत की थी. उधर, कॉर्बेट नेशनल पार्क के निदेशक राहुल कुमार को नहीं हटाए जाने को लेकर विभाग में कई सवाल उठ रहे थे.
जिसके बाद आज कुछ वन अधिकारियों का तबादला रद्द कर दिया गया है। इस संबंध में सरकार ने आदेश जारी कर दिया है। जबकि आईएफएस अशोक कुमार गुप्ता और डी थिरु ज्ञानसंबंदम पर जांच चल रही थी। इसके अलावा धर्मेश कुमार सिंह, धर्म सिंह मीणा, दिनकर तिवारी, हिमांशु बागड़ी का तबादला रद्द कर दिया गया है.
सरकार ने आईएफएस एसोसिएशन की आपत्ति दर्ज करने के बाद यह फैसला लिया है। हाल ही में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में अवैध निर्माण और पेड़ों की कटाई का मामला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री ने कई अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही थी, लेकिन कॉर्बेट निदेशक राहुल कुमार का तबादला नहीं होने पर सवाल उठ रहे थे.

