डोईवाला , PAHAAD NEWS TEAM

डोईवाला विधानसभा सीट पर इस बार चुनावी मुकाबला त्रिकोणीय होता जा रहा है। भाजपा प्रत्याशी बृजभूषण गैरोला , कांग्रेस प्रत्याशी गौरव चौधरी और भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जितेंद्र नेगी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में हैं। तो वहीं यूकेडी से शिव प्रसाद सेमवाल और आप से राजू मौर्य भी अपना दावा पेश कर रहे हैं। हालांकि, मुख्य मुकाबला दोनों प्रमुख राष्ट्रीय पार्टियों के उम्मीदवारों और निर्दलीय उम्मीदवारों के बीच माना जा रहा है।

बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के बेहद करीबी माने जाने वाले ब्रज भूषण गैरोला चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि कांग्रेस ने गौरव चौधरी पर दांव खेला है. वहीं टिकट नहीं मिलने से नाराज भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जितेंद्र नेगी निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में हैं. ऐसे में मुख्य मुकाबला इन तीनों के बीच देखने को मिल रहा है. वहीं इस सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की साख भी दांव पर लगी है।

डोईवाला सीट से टिकट नहीं मिलने से नाराज जितेंद्र नेगी को भी कहीं न कहीं बीजेपी प्रत्याशी के लिए काफी नुकसान होगा. हालांकि बीजेपी प्रत्याशी ब्रज भूषण गैरोला ने कहा कि जितेंद्र नेगी को पार्टी की ओर से समझाने की पूरी कोशिश की गई लेकिन वे मानें नहीं. उनका दावा है कि नेगी से उन्हें कोई नुकसान नहीं होगा। वहीं कांग्रेस नेताओं का कहना है कि वे आपस में उम्मीदवार की मांग कर रहे थे और उनमें गौरव चौधरी उम्मीदवार हैं. जिसका उन्हें पूरा लाभ मिलेगा।

वहीं भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष व निर्दलीय प्रत्याशी जितेंद्र नेगी ने कहा कि वे पार्टी से टिकट की मांग कर रहे थे, पहले भी उनकी अनदेखी की गई और वे कई वर्षों से जनता के बीच काम कर रहे हैं. निर्दलीय के तौर पर उन्हें जनता का भरपूर समर्थन भी मिल रहा है. हालांकि डोईवाला सीट पर त्रिकोणीय मुकाबले के साथ यह देखना दिलचस्प होगा कि यहां जनता की पसंद कौन बनता है.