मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM
मसूरी-देहरादून मार्ग पर बस स्टैंड कुंज भवन के पास मंगलवार देर शाम एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई और एक सड़क से दूसरी सड़क पर जा गिरी. कार में चार लोग सवार थे, जिसमें दो लोगों को मामूली चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि कार सड़क किनारे पड़े मलबे में फिसल गई थी.
वहीं घटना की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए. जिसके बाद कार सवार युवकों को कार से बाहर निकाला गया। फिर घायल युवकों को मसूरी उप जिला चिकत्यालय ले जाया गया। वहीं, इस हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है .
कार चालक मणिकांत शर्मा ने बताया कि मोड़ पर कार को धीमा करने के लिए ब्रेक लगाया गया कि अचानक कार बेकाबू हो गई और एक सड़क से दूसरी सड़क पर गिर गई. उन्होंने बताया कि हादसा सड़क किनारे मलबा गिरने के कारण हुआ।
वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि जल निगम की ओर से डाली गई पेयजल व सीवरेज लाइन के संबंध में भी सड़क खोदने का कार्य किया जा रहा है. जिसे लेकर ठेकेदार ने पेयजल व सीवरेज की पाइप लाइन सड़क किनारे बिछाकर सड़क किनारे मलबा छोड़ दिया है. आए दिन हादसे हो रहे हैं।
मसूरी पुलिस ने बताया कि कार में सवार दो लोग मुजफ्फरनगर के रहने वाले हैं, जो मसूरी घूमने आए थे. हादसे में दोनों युवक बाल-बाल बच गए। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही जल निगम और पेयजल विभाग से पत्र लिखकर सड़क किनारे पड़े मलबे को हटाने का अनुरोध करेंगे ताकि इन हादसों से बचा जा सके.

