देहरादून , पहाड़ न्यूज टीम
चंपावत उपचुनाव में जीत के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को विधानसभा सदस्य के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली. उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने सीएम धामी को विधायक पद की शपथ दिलाई. सीएम पुष्कर सिंह धामी का शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 1 बजे प्रकाश पंत भवन स्थित सभागार में शुरू हुआ.
मुख्यमंत्री के बाद विधानसभा सदस्य : विधानसभा चुनाव 2022 में भाजपा ने 47 सीटों पर प्रचंड बहुमत हासिल किया था, फिर भी खटीमा विधानसभा से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चुनाव हार गए। चुनाव में धामी को कांग्रेस उम्मीदवार भुवन कापड़ी ने हराया था। वहीं, चुनावों में धामी की हार के बाद मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर काफी राजनीतिक अटकलें लगाई जाने लगीं, लेकिन भाजपा ने आखिरकार युवा चेहरे पुष्कर धामी पर अपना दांव खेला. हार के बाद भी बीजेपी ने पुष्कर सिंह धामी को सीएम बनाया.
इसके बाद सीएम धामी ने चंपावत सीट से उपचुनाव लड़ा और बड़ी जीत हासिल कर विधानसभा सदस्य बने। उन्होंने कांग्रेस की निर्मला गहतोड़ी को रिकॉर्ड 55025 मतों से हराकर बड़ी जीत हासिल की।

