उत्तरकाशी , PAHAAD NEWS TEAM

बीजेपी के बाद अब कांग्रेस ने भी वर्चुअल संवाद के जरिए प्रचार करना शुरू कर दिया है. इसी क्रम में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने गंगोत्री विधानसभा सीट से वर्चुअल चुनाव अभियान की शुरुआत की और फेसबुक लाइव के माध्यम से गंगोत्री विधानसभा सीट के लोगों को संबोधित करते हुए एक बार फिर उत्तराखंड के विकास की बात की.

हरीश रावत ने अपने संबोधन में कहा कि अगर उत्तराखंड में कांग्रेस सत्ता में आती है तो कुड़ी बाड़ी पेंशन शुरू की जाएगी. 40 साल से ऊपर के लोगों को पेंशन का लाभ दिया जाएगा, ताकि पलायन को रोका जा सके. साथ ही उन्होंने गंगोत्री विधानसभा सीट से विधायक पद के संभावित उम्मीदवार विजयपाल सजवाण के लिए चुनाव में समर्थन मांगा और कहा कि आज सजवाण राज्य के बड़े नेताओं में से एक हैं.

हरीश रावत ने कहा कि आपदा के बाद जब उत्तरकाशी तबाह हो चुका था तो सजवाण की लगन थी कि आज उत्तरकाशी किसी भी खतरे से सुरक्षित है. आज विजयपाल सजवाण राज्य में एक ऐसे नेता के रूप में उभरे हैं, जो राज्य का नेतृत्व करने की क्षमता रखते हैं। रावत ने कहा कि गंगोत्री से सजवाण को आशीर्वाद देकर कांग्रेस को अपना समर्थन देकर यहां की जनता सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाएगी.