उत्तरकाशी , PAHAAD NEWS TEAM
टिहरी लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह मंगलवार को उत्तरकाशी पहुंचीं. यहां उन्होंने गंगोत्री विधानसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी सुरेश चौहान के लिए घर-घर जाकर प्रचार किया और उनके लिए वोट मांगे. इस दौरान उन्होंने जनता से विकास के नाम पर वोट करने की भी अपील की.
इस दौरान उन्होंने जनता से कहा कि राज्य में केंद्र सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों में ऑल वेदर रोड एक बड़ा उदाहरण है. उन्होंने हनुमान चौक पर चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारों ने विकास को आगे बढ़ाने के लिए कई ऐतिहासिक कार्य किए हैं. हर गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने का काम किया गया है।
माला राज्य लक्ष्मी शाह ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा गरीबों के लिए कई योजनाएं चलाई गई हैं, जिनका सीधा लाभ लोगों को मिल रहा है. बीजेपी राज्य में फिर से सरकार बनाने जा रही है. पार्टी उम्मीदवारों को जिताने के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह नाराजगी का समय नहीं है। राज्य में सरकार बनते ही सबका सम्मान होगा। बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व ने गंगोत्री विधानसभा सीट से सुरेश चौहान को टिकट दिया है. टिकट के सभी दावेदारों को मतभेदों को भूलकर पार्टी प्रत्याशी की जीत के लिए काम करना चाहिए। लोगों में बीजेपी को लेकर खासा उत्साह है.

