देहरादून PAHAAD NEWS TEAM
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित रोडवेज की प्रगति के संबंध में लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से समीक्षा बैठक की. बैठक के दौरान अध्यक्ष ने क्षेत्र के आंतरिक सड़क मार्गों पर एनएचएआई के अधिकारियों के साथ कोटद्वार बाईपास रोड और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ प्रगति की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सड़कों के निर्माण से संबंधित कार्ययोजना का प्रस्ताव स्वीकृति के लिए शीघ्र भेजने के निर्देश दिए.
विधानसभा भवन देहरादून में हुई बैठक के दौरान अध्यक्ष का विशेष जोर कोटद्वार बाइपास रोड के निर्माण पर रहा. इस दौरान एनएचएआई के अधिकारियों ने कोटद्वार बाइपास रोड के लिए किए गए प्रस्ताव का प्रेजेंटेशन भी अध्यक्ष के सामने रखा. अधिकारियों ने बताया कि बाइपास रूट का प्रस्ताव पूरी तरह तैयार है और लागत राशि की भी पूरी समीक्षा की जा चुकी है, जिस पर विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को प्रस्ताव जल्द मंजूरी के लिए भारत सरकार को भेजने का निर्देश दिया.
वहीं इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष ने कोटद्वार नजीबाबाद मार्ग को मजबूत करने व चौड़ा करने की प्रक्रिया के संबंध में भी अधिकारियों से जानकारी ली. ऋतु खंडूड़ी ने कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत 40 किमी आंतरिक सड़कों के निर्माण एवं डामरीकरण के संबंध में लोक निर्माण विभाग को आवश्यक निर्देश दिये. अध्यक्ष ने विभागों में पारदर्शिता लाने और आम लोगों की शिकायतों के निवारण के लिए एक मजबूत व्यवस्था लागू करने के भी निर्देश दिए.
इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता प्रमोद कुमार, मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग अयाज अहमद, अधीक्षण अभियंता डीपी सिंह, राष्ट्रीय राजमार्ग अधिशासी अभियंता नवनीत पांडे, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के डीजीएम हेमंत कुमार, अभियंता सुदेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे. .

