नैनीताल , PAHAAD NEWS TEAM

मौसम केंद्र देहरादून की ओर से जारी राज्य में बारिश और बर्फबारी के अलर्ट का असर सरोवर शहर नैनीताल में दिखने लगा है. नैनीताल में देर शाम से मौसम का मिजाज बदलने लगा और हल्की बारिश शुरू हुई . नैनीताल में बदलते मौसम के साथ ठंडक बढ़ने लगी है. जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ यहां आने वाले सैलानियों को भी ठंड का सामना करना पड़ रहा है.

वहीं नैनीताल घूमने आए सैलानी अब इस गुलाबी ठंड का लुत्फ उठा रहे हैं. ऐसे में पर्यटकों को अब बर्फबारी का इंतजार है। पर्यटकों का कहना है कि जब वे नैनीताल घूमने आए थे, तब नैनीताल में धूप खिली थी और अब अचानक से मौसम बदल गया है. देर शाम बारिश हुई है जिससे ठंड बढ़ गई है। अब उन्हें बर्फबारी का इंतजार है।

ऐसे में अब पर्यटन व्यवसायियों को भी दिसंबर के पहले सप्ताह में नैनीताल में बर्फबारी का इंतजार है. पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि अगर दिसंबर में बर्फबारी होती है तो साल के अंत में पर्यटक नैनीताल में जुटेंगे। जिससे पर्यटन व्यवसाय में वृद्धि होगी। साथ ही घाटे में चल रहे पर्यटन व्यवसाय की स्थिति थोड़ी बेहतर होगी। ऐसे में साल के अंत में पर्यटन कारोबारियों को थोड़ी राहत मिलेगी।