मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM
माल रोड पर बिजली लाइन को अंडरग्राउंड करने को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता और मसूरी भाजपा मंडल अध्यक्ष के बीच जुबानी जंग जारी है. इस योजना का श्रेय लेने की होड़ में दोनों एक दूसरे पर बयानबाजी कर रहे हैं.
मसूरी भाजपा मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल ने पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता पर झूठ की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मसूरी विधायक एवं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के अथक प्रयासों के बाद राज्य सरकार द्वारा मसूरी मालरोड पर बिजली लाइन को अंडरग्राउंड करने के लिए 2.36 लाख रुपये की योजना स्वीकृत की गयी थी. जिससे माल रोड पर बेतरतीब लटके बिजली के तारों को हटाकर खूबसूरत बनाया जा सके ।
मोहन पेटवाल ने कहा कि मालरोड पर बिजली के तार अंडरग्राउंड होने का श्रेय लेने के लिए नगर पालिका अनुज गुप्ता झूठ बोल रही है. अनुज गुप्ता ने मीडिया में बयान दिया कि नगर पालिका द्वारा 1 करोड़ रुपये लगा कर मालरोड के बिजली के तारों को अंडरग्राउंड किया जा रहा है, जो तथ्यहीन है. जबकि मसूरी के विकास के लिए उनके द्वारा अपने 3 वर्षों में कुछ भी नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा कि नगर अध्यक्ष अनुज गुप्ता चाहे कुछ भी कर लें , उनको इसका राजनीतिक लाभ नहीं मिलने वाला है. क्योंकि मसूरी के लोग सब कुछ देख और जान रहे हैं। अनुज गुप्ता ने 3 साल के कार्यकाल में केवल मसूरी को तबाह किया है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका की संपत्तियों पर लगातार नगर पालिका के कहने पर खास लोगों का कब्जा है. जिसे लेकर पूर्व में कई समाजसेवियों ने शासन स्तर पर शिकायत भी की है.
मसूरी के एसडीओ पंकज थपलियाल ने कहा कि 2.36 लाख रुपये की योजना के तहत राज्य सरकार ने यूपीसीएल को माल रोड की बिजली लाइनों को अंडरग्राउंड करने की जिम्मेदारी दी थी, लेकिन यूपीसीएल बिजली लाइनों को अंडरग्राउंड करने के लिए नगर प्रशासन द्वारा एक करोड़ रुपये नहीं दिए गए हैं. उन्होंने बताया कि मसूरी माल रोड की विद्युत लाइनों को 3 चरणों में पूरा किया जाना है, दूसरे चरण का काम चल रहा है.

