देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर पहाड़ पर भारी पड़ती नजर आ रही है. पहाड़ी शहर हों या दूरदराज के गांव, लगभग हर जगह इस महामारी ने दस्तक दे दी है. स्वास्थ्य विभाग के आंकड़े भी इसकी पुष्टि करते हैं। प्रदेश के चार मैदानी जिलों की तुलना में नौ पर्वतीय जिलों में संक्रमण दर काफी अधिक है. पांच जिले ऐसे भी हैं जिनमें कोरोना के नए मामले तेजी से बढ़ रहे हैं.
संक्रमण के पहले चरण में जहां पिछले साल जहां पहाड़ का आधे से अधिक हिस्सा वायरस के संक्रमण से अछूता था, वहां भी अब संक्रमण के मामले मिल रहे हैं। वह भी तब जबकि सैंपलिंग का दायरा अभी सीमित है। जानकारों का मानना है कि अगर मैदानी जिलों की तरह दूरदराज के क्षेत्रों में भी व्यापक स्तर पर सैंपलिंग की जाए तो कई गुना अधिक मरीज मिलेंगे। संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए सैंपलिंग का दायरा बढ़ाना जरूरी है।
पहाड़ में महज 35 फीसदी सैंपलिंग
पिछले सात दिनों (12 से 18 मई) में प्रदेश के 13 जिलों में 2,18,661 सैंपल की कोरोना जांच की जा चुकी है. इनमें से चार मैदानी जिलों देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में 1,41,783 (65 फीसदी) सैंपल की जांच हुई है. बाकी नौ पहाड़ी जिलों में सिर्फ 35 फीसदी यानी 76,878 सैंपल की ही जांच हुई है. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि मैदानी इलाकों की तुलना में पहाड़ी इलाकों में जांच की स्थिति क्या है.
जांच का सैंपल देने से डर रहे लोग
पहाड़ में सैंपलिंग कम होने का एक कारण यह भी है कि दूरदराज के गांवों में ज्यादातर लोग टेस्ट कराने से डरते हैं। स्थानीय प्रशासन गांवों में सैंपलिंग के लिए कैंप लगा रहा है, बहुत कम लोग सैंपल देने आ रहे हैं. ऐसी ही जानकारी चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, उत्तरकाशी जिलों से मिल रही है. इसके पीछे कारण यह भी है कि न तो ग्रामीणों को कोरोना संक्रमण से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है और न ही प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग द्वारा नियमित निगरानी की जा रही है.
प्रदेश में 12 से 18 मई तक मिले संक्रमण व संक्रमण दर
पहाड़ की स्थिति
जनपद, संक्रमण दर, मामले
पौड़ी, 28.31, 279
टिहरी, 24.95, 2792
पिथौरागढ़, 22.84, 1198
रुद्रप्रयाग, 22.69, 1695
अल्मोड़ा, 21.03, 1706
चमोली, 17.9, 1771
उत्तरकाशी, 17.43, 2377
बागेश्वर, 14.01, 764
चंपावत, 13.7, 852
मैदान की स्थिति
जनपद, संक्रमण दर, मामले
नैनीताल, 24.89, 3706
देहरादून, 17.10, 10678
ऊधमसिंहनगर, 16.03, 3866
हरिद्वार, 12.81, 5166

