विकासनगर , PAHAAD NEWS TEAM
डाकपत्थर से पांवटा को जोड़ने वाली शक्ति नहर के किनारे सड़क की बदहाली क्षेत्रवासियों और सड़क पर आवाजाही करने वाले राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है. क्षतिग्रस्त सड़क पूरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो गई है। बारिश के कारण सड़क पर जलजमाव होने से परेशानी हो रही है। इस सड़क की हालत खराब होने के बाद भी की जा रही उपेक्षा पर क्षेत्रवासियों ने रोष व्यक्त किया है. उनका कहना है कि इस मार्ग पर लगातार आवाजाही हो रही है, जिससे दुर्घटनाएं भी हो रही हैं, लेकिन प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है.
पछवादून के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल डाकपत्थर बैराज से पांवटा रोड की ओर जाने वाला रास्ता जगह-जगह से टूट गया है। सड़क की हालत ऐसी है कि नवाबगढ़ स्थित पुल नंबर एक के पास सड़क पर तालाब बन गया है. इससे क्षेत्रवासियों को दैनिक आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के निवासी अली अहमद, नवाब अली, गुलशेर, विनय जायसवाल, वाजिद अली का कहना है कि हिमाचल प्रदेश को उत्तराखंड से जोड़ने वाली इस मुख्य सड़क की बदहाली से परेशानी हो रही है. दूसरे राज्यों से आने वाले पर्यटक और यात्री इसी रास्ते से डाकपत्थर आते हैं। इसके अलावा नवाबगढ़ से भीमावाला, ढकरानी, सिविल कोर्ट तक का आवागमन इसी मार्ग से होता है। पिछले एक साल से सड़क की हालत खराब है। इस संबंध में कई बार हाइड्रो इलेक्ट्रिक कॉर्पोरेशन को सूचित करने के बाद भी सड़क का निर्माण कार्य नहीं हो रहा है. उनका कहना है कि जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल क्षेत्रीय विधायक से मिलकर सड़क समस्या के संबंध में सड़क निर्माण की मांग करेगा. वहीं, यूजेवीएनएल के महाप्रबंधक सिविल संजीव लोहानी के अनुसार शक्तिनहर के किनारे दो चरणों में सड़क बनाने की योजना है. जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।


