उत्तरकाशी , PAHAAD NEWS TEAM
राज्य के मुख्य सचिव एसएस संधु ने जिले के विकास खण्ड भटवाड़ी के ग्राम रैथल एवं हर्षिल का स्थल निरीक्षण कर जिले में पर्यटन विकास कार्यों का जायजा लिया. वहीं उन्होंने ग्राम रैथल में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिये.
मुख्य सचिव ने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि जिले में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने की संभावना को देखते हुए होम स्टे योजना को बढ़ावा दिया जाए. बैठक में जिलाधिकारी द्वारा जिले में सीवर लाइन नहीं होने की समस्या से अवगत कराये जाने पर मुख्य सचिव ने निर्देश दिये कि सीवर की समस्या के समाधान के लिये जल गम्भीरता के अनुरूप फेज बनाये जाये. जिसके लिए राशि उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्य सचिव द्वारा विकास खण्ड भटवाड़ी के ग्राम जादुंग एवं नेलांग के विस्थापितों को उनके मूल गांव में बसाने के लिए की जा रही कार्रवाई की जानकारी जिलाधिकारी से ली गयी. जिस पर जिलाधिकारी ने बताया कि विस्थापित ग्रामीणों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर 28 व 29 मार्च को गांव जादुंग का संयुक्त सर्वेक्षण करने का निर्णय लिया गया है, जबकि अप्रैल माह में गांव नेलांग का सर्वेक्षण किया जायेगा । मुख्य सचिव ने जिलाधिकारी से चारधाम यात्रा मार्ग गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली. जिस पर जिलाधिकारी ने बताया कि गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यकारी निकाय बीआरओ द्वारा कार्य धीमी गति से किया जा रहा है. इसके साथ ही संबंधित कार्यकारी निकाय द्वारा सड़क निर्माण के दौरान स्थानीय लोगों की निजी संपत्ति को हुए नुकसान की भी सुनवाई या क्षतिपूर्ति नहीं की जा रही है. मुख्य सचिव ने कृषि विकास योजनाओं की प्रगति की जानकारी के दौरान जिलाधिकारी को निर्देश दिये कि जिले में खाद्य प्रसंस्करण की छोटी इकाईयों की स्थापना की जाये. जिससे फलों, सब्जियों आदि को सड़ने से बचाया जा सके और आपूर्ति व्यवस्था को सही रखा जा सके। मुख्य सचिव द्वारा चार धाम यात्रा की तैयारियों की जानकारी जिलाधिकारी से भी ली गयी. जिस पर जिलाधिकारी ने बताया कि चारधाम यात्रा को लेकर सभी प्रबंध किये जा रहे हैं. इसके अलावा जिलाधिकारी ने मुख्य सचिव को जिले में चिकित्सकों की कमी की समस्या से भी अवगत कराया.
मुख्य सचिव ने ग्राम रैथल में स्थित 500 वर्ष पुराने ऐतिहासिक पंचपुरा भवन, मां जगदम्बा मन्दिर, ग्रोथ सेंटर एवं पृथ्वी राज राणा के होमस्टे का भी स्थल निरीक्षण किया. इस दौरान मुख्य सचिव ने पंचपुरा भवन के सौंदर्यीकरण के लिए जिलाधिकारी को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए. मुख्य सचिव ने ग्राम रैथल एवं नटीण के ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं को दूर करने के निर्देश दिए. इससे पूर्व मुख्य सचिव द्वारा हर्षिल पर्यटन विकास योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी किया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार राय, अपर जिलाधिकारी तीर्थपाल सिंह, उप जिलाधिकारी मीनाक्षी पटवाल, जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे, आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल , ग्राम प्रधान रैथल सुशीला राणा सहित अन्य लोग एवं अधिकारी उपस्थित थे।

