उत्तरकाशी : सर्दियों के दौरान गंगोत्री राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही पर नजर रखने के लिए 40 ट्रैप कैमरे लगाए जा रहे हैं. सर्दी में पार्क के गेट बंद होने से पहले पार्क प्रशासन ने ट्रैप कैमरे लगाने का काम तेज कर दिया है। ये अत्याधुनिक ट्रैप कैमरे वन्यजीवों की हर एक गतिविधि को कैद करने में सक्षम हैं।
गंगोत्री राष्ट्रीय उद्यान देश का तीसरा सबसे बड़ा उद्यान है। जो 1553 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है और 7 हजार मीटर से अधिक की ऊंचाई पर है। पार्क हिम तेंदुए, अर्गाली भेड़, भूरा भालू और लाल लोमड़ी सहित जानवरों की कई दुर्लभ प्रजातियों का घर है। हर साल 1 अप्रैल को पार्क क्षेत्र के द्वार पर्यटकों और पर्वतारोहियों के लिए खोल दिए जाते हैं और 30 नवंबर को बंद कर दिए जाते हैं।
गर्मियों में पार्क कर्मियों की टीम अपनी पुख्ता सुरक्षा के साथ समय-समय पर वन्यप्राणियों के पदचिह्नों सहित हर गतिविधि पर नजर रखती है, लेकिन सर्दियों में बर्फबारी के कारण ऐसा करना संभव नहीं हो पाता है. ऐसे में अत्याधुनिक ट्रैप कैमरे पार्क प्रशासन के लिए मददगार साबित होते हैं। ये ट्रैप कैमरे वन्यजीवों की आवाजाही पर सक्रिय होकर उनकी तस्वीरें और वीडियो लेने में सक्षम हैं।
वहीं, वन्यप्राणियों को शिकारियों से बचाने के लिए ट्रैप कैमरों के साथ ही पार्क प्रशासन ने लंबी दूरी तक पेट्रोलिंग भी शुरू कर दी है. जिसमें वन्य जीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पार्क कर्मियों की टीम पार्क क्षेत्र के विभिन्न ट्रैक रूटों पर निकलती है। गंगोत्री नेशनल पार्क के उप निदेशक आरएन पांडेय ने बताया कि सर्दियों में वन्य जीवों की आवाजाही पर नजर रखने के लिए करीब 40 ट्रैप कैमरे लगाने का काम शुरू कर दिया गया है. पार्क का गेट बंद होने से पहले सभी कैमरे लगा दिए जाएंगे। ये ट्रैप कैमरे केदारताल, गोमुख ट्रैक, नेलांग वैली में कारछा, चोरगाड, तिरपानी, नीलापानी, भैरों घाटी, गरतांग गली और जनकताल ट्रैक पर लगाए जाएंगे।
आप सब लोग ये खबर भी पढ़े

