नई दिल्ली, PAHAAD NEWS TEAM

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार रात राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में ऐलान किया कि 3 जनवरी से 15 साल से 18 साल तक के बच्चों को वैक्सीन दी जाएगी. उन्होंने कहा कि सरकार ने निर्णय लिया है कि 10 जनवरी से हेल्थ केयर और फ्रंट लाइन वर्कर्स को प्री-कॉशन डोज दी जाएगी . इसके साथ ही 10 जनवरी से 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग या गंभीर बीमारी से पीड़ित बुजुर्ग डॉक्टर की सलाह पर प्री-कॉशन डोज यानि बूस्टर डोज भी दी जाएगी।

संबोधन कोरोना के खिलाफ लड़ाई में स्वास्थ्य कर्मियों और फ्रंटलाइन कर्मियों के योगदान को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश को सुरक्षित रखने में उनका बहुत बड़ा योगदान है. प्रधानमंत्री ने कहा, इसलिए सरकार ने एहतियात की दृष्टि से यह निर्णय लिया है कि स्वास्थ्य सेवा और फ्रंटलाइन वर्कर्स के लिए भी वैक्सीन की एहतियाती खुराक शुरू की जाएगी. इसकी शुरुआत 2022 में 10 जनवरी सोमवार को की जाएगी।

इसके साथ ही, प्रधान मंत्री मोदी ने घोषणा की, 60 वर्ष से अधिक आयु के कॉ-मॉरबिडिटी वाले नागरिकों के लिए, उनके डॉक्टर की सलाह पर वैक्सीन की एहतियाती खुराक का विकल्प उनके लिए भी उपलब्ध होगा। यह भी 10 जनवरी से उपलब्ध होगा।

उन्होंने कहा कि इस फैसले से न सिर्फ देश की कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई को मजबूती मिलेगी, बल्कि स्कूल-कॉलेज जाने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों की चिंता भी कम होगी. इस मौके पर उन्होंने देशवासियों से किसी भी तरह की अफवाह से बचने और कोरोना के नए रूप ओमीक्रोन के प्रति सचेत रहने का अनुरोध किया।

उन्होंने कहा कि ओमीक्रोन का संक्रमण बढ़ रहा है, लेकिन इससे डरें नहीं, सतर्क रहें. सभी गाइडलाइंस का पालन करें क्योंकि यह कोरोना से लड़ने का एक बड़ा हथियार है। इसके अलावा टीकाकरण भी एक हथियार है। महामारी से लड़ने के लिए हमारा आत्मविश्वास बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह सभी नागरिकों के सामूहिक प्रयासों और इच्छाशक्ति का परिणाम है कि आज हमने 140 करोड़ के लक्ष्य को पार कर लिया है. 61 प्रतिशत लोगों ने दोनों खुराक ले ली हैं। 90 फीसदी लोगों को सिंगल डोज मिली है।

पीएम ने कहा कि देश में 18 लाख आइसोलेशन बेड, 5 लाख ऑक्सीजन सपोर्टेड बेड हैं, 1.40 हजार ICU बेड हैं, 90,000 बेड विशेष रूप से बच्चों के लिए हैं। देश में 3000 से अधिक पीएसए ऑक्सीजन प्लांट काम कर रहे हैं। आवश्यक दवाओं की बफर डोज तैयार करने में राज्यों की मदद की जा रही है।

गौरतलब है कि भारत में अब तक कोरोना वायरस के ओमीक्रोन रूप के कुल 415 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से 115 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या देश छोड़कर जा चुके हैं. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक ओमीक्रोन के सबसे ज्यादा 108 मामले महाराष्ट्र में हैं। इसके बाद दिल्ली में 79, गुजरात में 43, तेलंगाना में 38, केरल में 37, तमिलनाडु में 34 और कर्नाटक में 31 मामले सामने आए हैं।