विकासनगर , PAHAAD NEWS TEAM
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को साहिया बाजार में सड़क के दोनों ओर बनी नाली की निकासी सहित नाली को कवर करने के निर्देश चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने दिए है. इस बात से स्थानीय लोगों ने प्रीतम सिंह को अवगत करा दिया था. जिसका प्रीतम सिंह ने संज्ञान लिया है।
बता दें कि लोगों ने बाजार में सड़क के दोनों ओर बनी नालियों की निकासी को लेकर लोक निर्माण विभाग की शिकायत क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे चकराता विधायक प्रीतम सिंह से की थी. इस पर संज्ञान लेते हुए विधायक प्रीतम सिंह ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया और तत्काल नाली निकासी व नाली को ढकने के निर्देश दिए .
इसके साथ ही प्रीतम सिंह ने कालसी चकराता मोटर मार्ग पर साहिया बाजार में सड़क पर इंटरलॉक टाइलें लगाने को भी कहा है. लोगों ने विधायक प्रीतम सिंह को बताया कि सड़क के दोनों ओर नाली निर्माण का कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया गया है. जिसमें करीब 6 माह से न तो निकासी की गई है और न ही नाले को ढकने का काम किया गया है. जिससे दोपहिया वाहन चालक नाले में गिरकर घायल हो रहे हैं।
वहीं लोक निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता प्रत्यूष कुमार ने कहा कि साहिया में सेना के अधिकारियों से बातचीत कर जल्द ही नाली निकासी की समस्या का समाधान किया जाएगा. साथ ही नाली को कवर करने का काम भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।

