देहरादून : आप भी यदि गर्मी से तंग आकर पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में स्थित पहाड़ों की रानी मसूरी में सैर-सपाटे का प्लान बना रहे हैं। तो उसे फौरन रद्द कर दें। क्योंकि पहाड़ों की रानी मसूरी में देर रात से मूसलाधार बारिश हो रही है। वहीं मसूरी-देहरादून मार्ग पर कई जगह भूस्खलन होने से वाहनों की आवाजाही में भारी दिक्कत सामने आ रही है। मसूरी गलोगी पावर हाउस के पास लगातार भूस्खलन होने से मार्ग बाधित हो रहा है। जिसके चलते अभी चेतावनी जारी की गई है। कि जो भी पर्यटक अभी मसूरी आने की सोच रहे हैं। वह अपना प्लान अभी रद्द कर दें।

भारी बारिश के चलते जनजीवन हुआ अस्त व्यस्त
पहाड़ों की रानी मसूरी में देर रात से हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। वहीं मसूरी-देहरादून मार्ग पर कई जगह भूस्खलन होने से वाहनों की आवाजाही में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में प्रशासन द्वारा मौके पर जेसीबी मशीन की मदद से सड़क पर आए मलबे को हटाया जा रहा है। हालांकि लगातार बारिश के कारण बार-बार सड़क पर मलबा आने से यातायात बाधित हो रहा है। मसूरी-देहरादून मार्ग पर मैगी प्वाइंट के पास भारी मलबा आने से मार्ग बंद हो गया है। जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है। ऐसा बताया जा रहा है कि सड़क पर भारी मात्रा में मलबा आने से एक ट्रक और एक कार रोड पर फंस गई है। जिसको हटाने में लोक निर्माण विभाग को खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। ऐसे में प्रशासन द्वारा मौके पर जेसीबी मशीन की मदद सड़क पर आए मलबे को हटाया जा रहा है।

कैंपटी फॉल में अचानक बढ़ा जलस्तर
लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी जेसीबी की मदद से मलबे को हटाने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन लगातार बारिश होने के मलबा हटाने में कर्मचारियों को खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। उधर मलबा आने के कारण सड़क मार्ग पिछले 3 घंटों से बाधित है। दूसरी ओर कैंपटी फॉल में जलस्तर बढ़ने से कारण खतरा और भी बढ़ गया है। पुलिस द्वारा कैंपटी फॉल को सुरक्षा के दृष्टिगत खाली करवा लिया गया है क्योंकि देरी रात से हो रही बारिश के कारण कैंपटी फॉल का जलस्तर एकाएक बढ़ गया है वहीं पानी से साथ कैंपटी फॉल में भारी मात्रा में मलबा भी आ रहा है।