मसूरी , पहाड़ न्यूज टीम

मसूरी में मसूरी ट्रेड एसोसिएशन के अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने नगर परिषद के सहयोग से प्रशासन के तत्वावधान में चल रहे अतिक्रमण की कार्यवाही के खिलाफ मोर्चा खोलकर श्री राधा कृष्ण मंदिर सभागार में व्यापारियों की बैठक आयोजित की, जिसमें बड़ी संख्या में व्यापारियों की उपस्थिति रही।

बैठक में नगर प्रशासन व नगर पालिका के तत्वावधान में चलाए जा रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान पर ट्रेड यूनियन ने अपना विरोध दर्ज कराया. व्यापारियों का कहना है कि वे 35-40 साल से दुकानें संचालित कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से बिना किसी पूर्व सूचना के अतिक्रमण के नाम पर उनकी दुकानों को तोड़ दिया गया है. जबकि किराया उनके द्वारा नगर पालिका में जमा किया जाता है, जिसकी रसीदें उनके पास होती हैं।

इस मौके पर मसूरी ट्रेड एसोसिएशन के अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि अतिक्रमण के नाम पर नगर पालिका द्वारा व्यापारियों के साथ अन्याय किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि व्यापारी इसका पुरजोर विरोध करेंगे। बैठक में निर्णय लिया गया है कि यदि गरीब व्यापारियों को नगर पालिका द्वारा अतिक्रमण के नाम पर परेशान किया जाता है तो ट्रेड यूनियन खुलेआम विरोध करेगी. उन्होंने कहा कि नगर पालिका द्वारा अतिक्रमण हटाने में पक्षपातपूर्ण रवैया कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि साल 2019 में माल रोड से पूरी तरह से अतिक्रमण हटा लिया गया था और अब 2022 में फिर से अतिक्रमण के नाम पर व्यापारियों को परेशान किया जा रहा है. वहीं नगर पालिका के पूर्व अध्यक्षों की रसीद को गलत बताया जा रहा है. उन्होंने सरकार से मांग की कि जिस अधिकारी के तत्वावधान में यह गलत काम किया जा रहा है, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए. सिर्फ मसूरी में ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है. नगर निगम अध्यक्ष, ईओ और प्रशासन मिलकर व्यापारियों को परेशान कर रहे हैं।

इस मौके पर महासचिव जगजीत कुकरेजा, धनप्रकाश अग्रवाल, संदीप साहनी, भरत कुमाई, अनंत प्रकाश, परमजीत कोहली, नागेंद्र उनियाल समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे.

उत्‍तराखंड न्यूज़ : मां भद्रकाली देवी देवीकोल में 16 जुलाई आषाढ़ संग्रांद के दिन लगेगा भव्य मेला