नई दिल्ली , PAHAAD NEWS TEAM

समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गईं। यूपी के डिप्टी सीएम केशव मौर्य और पार्टी नेता स्वतंत्र देव सिंह ने अपर्णा को बीजेपी की सदस्यता दिलाई. अपर्णा यादव ने कहा कि वह पीएम मोदी की कार्यशैली से प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि ‘राष्ट्रधर्म मेरे लिए सबसे ऊपर है’। उन्होंने आगे कहा कि वह भाजपा की योजनाओं से काफी प्रभावित हैं।

भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और पार्टी के मीडिया विभाग के प्रभारी अनिल बलूनी की मौजूदगी में अपर्णा यादव भगवा पार्टी में शामिल हो गईं. अपर्णा यादव का बीजेपी में शामिल होने पर केशव प्रसाद मौर्य ने स्वागत किया. इस मौके पर केशव मौर्य ने कहा कि अपर्णा यादव पहले जिस तरह से अपने विचार रखती थीं, उससे ऐसा लग रहा था कि वह भारतीय जनता पार्टी परिवार का हिस्सा बन सकती हैं. अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए केशव मौर्य ने कहा कि वह अपने परिवार में भी सफल नहीं हैं। मुख्यमंत्री के रूप में विफल।

अपर्णा यादव ने पार्टी में शामिल होने के बाद नरेंद्र मोदी, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव मौर्य और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह को धन्यवाद दिया. अपर्णा यादव ने अपने संक्षिप्त बयान में समाजवादी पार्टी को लेकर कोई टिप्पणी नहीं की. उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रभावित हैं। उनकी सोच में देश सबसे पहले है। अब वह देश की आराधना के लिए निकली हैं। उन्होंने कहा कि वह पहले से ही भाजपा की योजनाओं से प्रभावित रही हैं और उसमें भाग लेती रही हैं, इसलिए आज उन्होंने भाजपा की सदस्यता ले ली है.

गौरतलब है कि अपर्णा यादव 2017 का विधानसभा चुनाव लखनऊ कैंट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर लड़ चुकी हैं। हालांकि उन्हें बीजेपी नेता रीता बहुगुणा जोशी के हाथों हार का सामना करना पड़ा था. पिछले कुछ दिनों से अपर्णा के बीजेपी में शामिल होने की भी अटकलें लगाई जा रही थीं. जानकारी के मुताबिक इस बार भी उन्हें लखनऊ कैंट से टिकट दिए जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं.

अपर्णा कई मौकों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ की तारीफ कर चुकी हैं. अपर्णा यादव मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव की पत्नी हैं। बता दें कि अपर्णा यादव बार-बार मोदी और योगी की तारीफ करती आई हैं। योगी सरकार ने उन्हें वाई कैटेगरी की सुरक्षा दी है। उन्होंने राम मंदिर निर्माण के लिए 11 लाख रुपये का दान भी दिया।

इस पर जब उनसे पूछा गया तो उन्होंने कहा था कि वह मंदिर के लिए स्वेच्छा से दान कर रही हैं। उनका कोई राजनीतिक मकसद नहीं है। उन्होंने कहा कि अतीत कभी भी भविष्य के बराबर नहीं होता है। राम भारत के चरित्र, संस्कृति और सभी की आस्था के केंद्र हैं। गौरतलब है कि मुलायम की छोटी बहू अपर्णा सिंह यादव अक्सर अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहती हैं और बीजेपी के लिए उनका हमेशा सॉफ्ट कॉर्नर रहा है.

अपर्णा यादव भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के काम की तारीफ करती रही हैं. सूत्रों का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी उन्हें राजधानी लखनऊ की कैंट विधानसभा सीट से मैदान में उतार सकती है।