देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM
नैनीताल-उधमसिंहनगर के सांसद अजय भट्ट को मोदी कैबिनेट में जगह मिली है. अजय भट्ट को रक्षा और पर्यटन मंत्रालय में राज्य मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। कैबिनेट विस्तार में अजय भट्ट को मोदी कैबिनेट में राज्य मंत्री बनाया गया है. राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में सबसे पहले नारायण राणे को कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई । हाल ही में उत्तराखंड में जिस तेजी से राजनीतिक समीकरण बदले हैं, उसी के मुताबिक मोदी कैबिनेट विस्तार में सांसद अजय भट्ट को जगह मिली है.
अजय भट्ट भाजपा के वरिष्ठ नेता और वकील हैं। वह वर्तमान में नैनीताल-उधम सिंह नगर सीट से लोकसभा सदस्य हैं। अजय भट्ट बीजेपी के शांत और सुलझे हुए राजनेता माने जाते हैं। राजनीति में आने से पहले अजय भट्ट लॉ की प्रैक्टिस करते थे। अजय भट्ट की पत्नी भी वकील हैं। उनके चार बच्चों में से दो वकील हैं। अजय भट्ट की एक बेटी दिल्ली हाई कोर्ट में प्रैक्टिस करती है और उसका इकलौता बेटा देहरादून में प्रैक्टिस करता है।
आज राजनीति की ऊंचाई पर पहुंचे अजय भट्ट का शुरुआती जीवन संघर्षों भरा रहा । जब छोटे थे तभी पिता का साया सिर से उठ गया था। अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए, अजय भट्ट ने एक चाय की दुकान खोली और तो चूड़ी-बिंदी भी बेची । बड़े भाई के सहयोग और उनके कठिन परिश्रम के बल पर पढ़ाई चलती रही। कुमाऊं यूनिवर्सिटी नैनीताल से एलएलबी करने के बाद अजय भट्ट की जिंदगी फिर पटरी पर आ गई। कानून की पढ़ाई के बाद अजय भट्ट ने अल्मोड़ा में वकालत शुरू की। उन्होंने 1984 से 1996 तक वकालत की। इसी दौरान उनकी मुलाकात पुष्पा भट्ट से हुई। पुष्पा भी वकालत करती थी। दोनों जीवन साथी बन गए।
साल 1996 अजय भट्ट के जीवन का टर्निंग पॉइंट था। ये वो साल था जब अजय भट्ट ने पूरी तरह से राजनीति में कदम रखा था। तत्कालीन उत्तर प्रदेश में वह भाजपा के टिकट पर रानीखेत विधानसभा सीट से विधायक बने। उत्तराखंड के गठन के बाद, अजय भट्ट ने 2002 में विधानसभा चुनाव जीता जब अंतरिम सरकार का कार्यकाल समाप्त हो गया। 2012 में भी अजय भट्ट रानीखेत विधानसभा सीट से जीते थे। 2017 में, जब भाजपा को प्रचंड बहुमत मिला, तो अजय भट्ट चुनाव हार गए। नहीं तो उन्हें अगला मुख्यमंत्री माना जा रहा था। अजय भट्ट ने 2019 के लोकसभा चुनाव में नैनीताल-उधम सिंह नगर सीट जीतकर इसकी भरपाई की।
कहा जाता है कि अजय भट्ट ने ही उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन की शुरुआत की थी। उनके स्वास्थ्य मंत्री होने का एक किस्सा काफी चर्चित है. स्वास्थ्य मंत्री रहते हुए उन्होंने मसूरी के एक अस्पताल का दौरा किया था। अजय भट्ट ने अस्पताल में मरीजों के बिस्तरों का बुरा हाल पाया। वहीं उन्होंने अस्पताल से सारे बेड निकाल कर वहीं आग लगा दी. उन्होंने कहा था कि अगर मरीज इन बेड पर लेटे तो उनकी हालत में सुधार नहीं होगा बल्कि और बिगड़ जाएगी .
अजय भट्ट नैनीताल से सांसद हैं। उन्हें सांसद का टिकट तब मिला था जब कोश्यारी ने चुनाव लड़ने से मना कर दिया था। जब उन्होंने नैनीताल से सांसद का चुनाव लड़ा तो उन्होंने कांग्रेस के कद्दावर नेता हरीश रावत को हराया। इससे उनका राजनीतिक कद और भी बढ़ गया।

