भीमताल , PAHAAD NEWS TEAM
नीति आयोग के उपाध्यक्ष राजीव कुमार ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्र में बड़े उद्योगों की जगह छोटी खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां लगानी होंगी. उद्यान, जड़ी-बूटी, हस्तशिल्प और ग्रामीण पर्यटन की यहां अपार संभावनाएं हैं । इसे और आगे ले जाने के लिए केंद्र सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। फल उत्पादन से जहां उत्पादकों की आय बढ़ेगी वहीं पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। पर्यटक सेब और चाय के बागान देखने आते हैं। जिससे इस क्षेत्र में दोहरा लाभ होता है।
गुरुवार को राजीव कुमार नैनीताल जिले के विकासखंड धारी के धानाचूली में फल उत्पादकों के बीच पहुंचे। धानाचूली में उन्होंने विनोद गर्ग और नारायण सिंह के बागों का निरीक्षण कर जानकारी ली. गर्ग ने कहा कि तीन साल पहले पांच नाली भूमि में सेब की गोल्डन डार्क डिनोम, सेनिगो रेड, किंग रोड आदि प्रजातियों के पौध लगाए गए थे . जो अब 15 से 20 किलो प्रति पेड़ उत्पादन दे रहे हैं। डॉ. नारायण ने एक साल पहले पांच नाली भूमि में पौध लगाए हैं। राजीव कुमार ने आश्वासन दिया कि वह यहां फल उत्पादन के क्षेत्र में हो रही प्रगति के संबंध में एक रिपोर्ट तैयार कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सौंपेंगे.
आयोग राज्य का सहयोग करेगा
इंडो-डच हाॢटकल्चर मिशन के निदेशक डा. सुधीर चड्ढा ने नीति आयोग के उपाध्यक्ष को बताया कि इंडो-डच और कोका कोला कंपनी के सहयोग से क्षेत्र में बगीचों को अनुदान के तहत विकसित किए जा रहे हैं। जिससे फल उत्पादकों को अच्छी खासी कमाई होगी। इस पर आयोग के उपाध्यक्ष ने कहा कि पूर्व में उन्होंने इस संबंध में राज्य के मुख्यमंत्री से बातचीत की थी. यदि वर्तमान में राज्य सरकार कोई सहयोग चाहती है तो आयोग पूरा सहयोग देगा। वहीं, केंद्र सरकार की एक टीम तीन दिन के अंदर यहां आकर विस्तृत अध्ययन करेगी.

