देहरादून : उत्तराखंड में सरकार ने कोरोना कर्फ्यू की अवधि को एक हफ्ते के लिए और बढ़ा दिया है। जिसके बाद प्रदेश में कोविड कर्फ्यू आज सुबह 6 बजे से 3 अगस्त तक लागू रहेगा। इसके साथ ही उत्तराखंड में नाइट कर्फ्यू का भी गंभीरता से पालन कराया जाएगा। हालांकि इस बार सरकार ने कोविड कर्फ्यू मेंं और भी छूट दी हैं। साथ ही सरकारी व गैर सरकारी कार्यालयों को भी 100 फीसदी क्षमता के साथ खोलने के आदेश दिए हैं।
पूरी क्षमता के साथ खुलेंगे सरकारी व निजी कार्यालय
उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने बताया कि स्पा, सैलून और ट्रेनिंग संस्थानों को खोलने का निर्णय लिया गया है। सरकारी और गैर सरकारी कार्यालय अब अगर चाहें तो 100 प्रतिशत उपस्थिति के साथ खोले जा सकते हैं। बता दें कि सरकार ने सोमवार सुबह ही सरकारी कार्यालयों को 100 फीसदी क्षमता के साथ खोलने का फैसला लिया था। वहीं, देर शाम एसओपी भी जारी कर दी गई।
कई कार्यक्रमों का हो सकेगा आयोजन
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने बताया कि जिन सामाजिक, राजनीतिक और अन्य विभिन्न प्रकार की गतिविधियों पर रोक लगाई गई थी। अब सक्षम अधिकारी की अनुमति पर उनका आयोजन किया जा सकता है। बाकी तमाम निर्देश व फैसले पूर्व की भांति ही जारी रहेंगे। आपको बता दें पिछले हफ्ते मॉल मल्टीप्लेक्स खोलने का फैसला सरकार ने लिया था.

