देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM
राजधानी देहरादून में मंगलवार की रात आसमान से आफत बरसी है . संतला देवी मंदिर के पास खबड़ावाला में बादल फटा। इसके साथ ही आसपास के इलाकों में भी तेज बारिश हुई। इससे विजय कॉलोनी के पथरिया पीर जैसे इलाकों में काफी नुकसान हुआ है. करीब तीन घंटे तक चली तेज बारिश के कारण नदी व नाले उफनने लगे। इसके साथ ही कई पुश्तों के बहने की खबर आ रही है।
स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी रात में ही मौके पर पहुंच गए. उन्होंने बारिश से हुए नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान मंत्री ने मौके पर ही अधिकारियों को फोन से निर्देश दिए कि तत्काल बाढ़ सुरक्षा कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जाएं. साथ ही प्रशासन को किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए।
खबड़ावाला में बादल फटने के बाद मौके पर पहुंचे गणेश जोशी ने बताया कि किसी प्रकार की जान-माल की हानि नहीं हुई है. खबड़ावाला गांव के ज्यादातर घरों में मलबा घुस गया है और रास्ते बंद हैं. बताया जा रहा है कि ब्रह्मवाला खाले में आए उफान से कुछ दोपहिया वाहन बह गए। गढ़ी कैंट और आसपास के इलाकों में भी बारिश से लोग परेशान रहे. संतला देवी क्षेत्र के आसपास के गांवों में लोग रात भर सो नहीं पाए और अपना सामान पैक कर सुरक्षित स्थान पर चले गए.
सहस्रधारा रोड बनी नदी : मूसलाधार बारिश के बाद आईटी पार्क के पास सहस्राधार रोड नदी में तब्दील हो गया. काफी देर तक यहां दोपहिया वाहनों की आवाजाही नहीं हुई। इसके अलावा करनपुर, सर्वे चौक, रायपुर, डालनवाला समेत कई इलाकों में भारी जलभराव हो गया. बारिश का पानी कई दुकानों और घरों में घुस गया। कुछ इलाकों में बिजली के खंभे गिरने की सूचना है।
रिस्पना और बिंदाल नदियां उफान पर : शहर में देर रात तक बारिश होती रही। कुछ इलाकों में भारी बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात बन गए। रिस्पना और बिंदाल नदियां उफान पर आ गईं। मसूरी और आसपास के इलाकों में भारी बारिश के कारण दून की नदियां उफान पर हैं, सालावाला, डांडा खुदानेवाला, विजय कालोनी, सिद्धार्थ एन्क्लेव कंडोली, राजपुर, हाथीबड़कला, चावला चौक, सीमेंट रोड और ओल्ड डालनवाला आदि इलाकों में बारिश का पानी और मलबा घरों में घुस गया।

