पंजाब , PAHAAD NEWS TEAM

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। पंजाब कांग्रेस में जारी कलह के बीच शनिवार को पंजाब के विधायकों की बैठक बुलाई गई. इससे पहले मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपने समर्थक विधायकों और मंत्रियों के साथ बैठक की। इसके बाद उन्होंने राजभवन पहुंचकर अपना त्याग पत्र सौंपा। वहीं, सूत्रों के मुताबिक वह जल्द ही पार्टी को अलविदा भी कह सकते हैं।

वहीं, विधायक दल की बैठक को देखते हुए पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ को पार्टी आलाकमान ने चेन्नई से चंडीगढ़ बुलाया है. अभी कुछ समय पहले जाखड़ ने ट्वीट कर राहुल गांधी के पंजाब पर फैसले का स्वागत किया था। हालांकि ट्वीट में उन्होंने इस फैसले के बारे में खुलकर कुछ नहीं लिखा। वहीं, जाखड़ को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं कि शाम पांच बजे उन्हें कांग्रेस भवन में विधायक दल का नेता चुना जाएगा और कैप्टन की जगह जाखड़ को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा.

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस विधायक दल की बैठक से पहले सीएम पद से इस्तीफा दे दिया है। कैप्टन ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल को इस्तीफा दे दिया। अब कप्तान मीडिया से बात करेंगे. वह राजभवन के बाहर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. कैप्टन ने अपने सरकारी आवास पर समर्थक मंत्रियों और विधायकों के साथ बैठक की। कैप्टन अमरिंदर सिंह के बेटे रनिंदर सिंह ने भी ट्वीट कर कहा है कि कैप्टन राजभवन जाकर सीएम पद से इस्तीफा देंगे।

कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने सहयोगी विधायकों, सांसदों और मंत्रियों के साथ की बैठक

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह सिसवां फार्म हाउस से निकलकर सेक्टर 2 में अपने सरकारी आवास पहुंचे थे। वहां उन्होंने अपने समर्थकों, मंत्रियों, विधायकों और सांसदों के साथ बैठक की। इस बैठक में सांसद मोहम्मद सद्दीक, जसबीर सिंह डिंपा, मनीष तिवारी, रवनीत बिट्टू, गुरजीत औजला भी माैजूद थे। इसके अलावा मंत्री विजय इंद्र सिंगला ,साधू सिंह धर्मसोत, डिप्टी स्पीकर अजायब सिंह भट्टी, राकेश पांडे, रमनजीत सिंह सिक्की, राजकुमार चब्बेवाल, राणा गुरमीत सिंह सोढी, ब्रह्म मोहिंदरा, नवतेज सिंह चीमा, तरसेम सिंह डीसी, रजिंदर सिंह, हरप्रताप सिंह अजनाला और केवल ढिल्लों भी बैठक में शामिल हुए।

एक संक्षिप्त बैठक के बाद, कैप्टन अमरिंदर सिंह को छोड़कर सभी सीएलपी की बैठक में भाग लेने के लिए कांग्रेस भवन गए।

कांग्रेस की कार्यवाहक राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सुबह उनके इस्तीफे की मांग की थी। कैप्टन अमरिंदर सिंह से मिलने के लिए विधानसभा अध्यक्ष राणा केपी सिंह और वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री ब्रह्म मोहिंदरा समेत कई नेता पहुंचे। कैप्टन के विधायक दल की बैठक में आने पर संशय बना हुआ है।

चंडीगढ़ पहुंचे हरीश रावत व केंद्रीय पर्यवेक्षक

नए मुख्यमंत्री के चुनाव के लिए आज शाम 5 बजे कांग्रेस विधायक दल की बैठक होगी। वहीं, नए मुख्यमंत्री के तौर पर सुनील जाखड़ का नाम सबसे आगे चल रहा है। पंजाब कांग्रेस भवन में गतिविधियां तेज हो गई हैं। पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत और दोनों केंद्रीय पर्यवेक्षक अजय माकन और हरीश राय चौधरी चंडीगढ़ पहुंच गए हैं.

सीएम की रेस में नाम शामिल

सूत्रों के मुताबिक कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस्तीफा देने की स्थिति में सुनील जाखड़ को पंजाब का मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। वैसे सीएम की दौड़ में तीन नाम सामने आ रहे हैं, इनमें पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़, प्रताप सिंह बाजवा और कांग्रेस के मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू शामिल हैं.

सूत्रों के मुताबिक पार्टी आलाकमान ने विधायक दल की बैठक में नया नेता चुनने का निर्देश दिया है.

विधायक दल की बैठक के लिए पर्यवेक्षक बनाए गए अजय माकन ने कहा, ‘मैं कांग्रेस विधायक दल की बैठक के लिए पंजाब जा रहा हूं। मुझे नहीं पता कि कौन भाग लेगा, लेकिन यह कांग्रेस विधायक दल की बैठक है। कोई जल्दी नहीं, सब ठीक है।

इससे पहले, अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से बात की और बार-बार “अपमान” पर नाराजगी और नाखुशी व्यक्त की।

सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री ने अपने समर्थक विधायकों के साथ बैठक में इस्तीफा देने का फैसला लिया.

कांग्रेस आलाकमान के निर्देश पर शनिवार शाम 5 बजे पार्टी विधायक दल की बैठक बुलाई गई है.