देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने करवाचौथ पर्व के अवसर पर प्रदेशभर में कार्यरत महिला कर्मचारियों के लिए 29 अक्टूबर 2026, गुरुवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से 28 अक्टूबर 2026 को अधिसूचना जारी की गई है।

शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, राज्यपाल ने उत्तराखंड राज्य के अधीन संचालित शासकीय एवं अशासकीय कार्यालयों तथा शैक्षणिक संस्थानों और शासकीय प्रतिष्ठानों में कार्यरत महिला कार्मिकों को करवाचौथ के अवसर पर अवकाश प्रदान करने की स्वीकृति दी है।

यह अधिसूचना सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव राजेंद्र कुमार की ओर से जारी की गई है। आदेश की प्रतिलिपि संबंधित अधिकारियों और विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है। साथ ही सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को अधिसूचना का समाचार पत्रों में प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस निर्णय के तहत प्रदेश के महिला कर्मचारियों को करवाचौथ के दिन अवकाश मिलेगा।