नैनीताल , PAHAAD NEWS TEAM
सरोवर शहर में वीकेंड पर सैलानियों की भीड़ लगी रहती है. यहां के ज्यादातर होटल खचाखच भरे हैं और वाहनों की पार्किंग भी भरी हुई है। जिससे कई पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस बार ऑटन के मौसम में अक्टूबर के पहले सप्ताह से पर्यटकों की आमद और बढ़ने की उम्मीद है।
सितंबर के चौथे वीकेंड पर शुक्रवार से सरोवरनगरी नैनीताल में पर्यटकों का आना शुरू हो गया, यह सिलसिला रविवार दोपहर तक चलता रहा. यहां सैर पर पहुंचने वाले पर्यटकों की संख्या सबसे ज्यादा दिल्ली एनसीआर और उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों से थी। पर्यटकों की भीड़ के कारण कई पर्यटकों को अपने वाहन पार्क करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। ऐसे में कई लोगों को अपने वाहन शहर से दूर पार्क करने पड़े। इस दौरान शहर के कई पर्यटन स्थल पर्यटकों से गुलजार रहे।
वहीं बोटिंग के शौकीन सैलानी नैनी झील में तांता लगा रहा । शाम को माल रोड पर काफी भीड़ रही। माल रोड पर चहलकदमी करते हुए पर्यटक यहां की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेते हैं। नैनीताल होटल रेस्टोरेंट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट के मुताबिक अक्टूबर के दूसरे सप्ताह से ऑटन के मौसम में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है, यह क्रम दिवाली तक जारी रहेगा. इस दौरान बड़ी संख्या में बंगाली पर्यटक भी नैनीताल पहुंचेंगे।

