लोहारी , PAHAAD NEWS TEAM
नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह को लोहारी जाने से रोकने के लिए बाड़वाला को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है. जुड्डो में विरोध कर रहे 17 ग्रामीणों की गिरफ्तारी से ग्रामीण भी खासे नाराज हैं, जिसे देखते हुए व्यासी परियोजना स्थल क्षेत्र में पुलिस और पीएसी भी तैनात है.
लोहारी के ग्रामीण 121वें दिन यमुनाघाटी लखवाड़ व्यासी बांध प्रभावित समिति के बैनर तले जमीन की मांग को लेकर धरना दे रहे थे. रविवार की सुबह यूजेवीएनएल ने धरना स्थल को खाली कराकर लंबे समय से बंद व्यासी परियोजना का निर्माण कार्य शुरू किया। व्यासी विद्युत परियोजना के कार्यों में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन व आंदोलन कर कार्य को प्रभावित करने, काफी समझाने की कोशिश के बावजूद आंदोलन को और उग्र रूप से चलाने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने पर पुलिस ने धरनारत 17 ग्रामीणों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था ।
दरअसल चार दिन पहले प्रशासनिक व पुलिस अमले ने ग्रामीणों को धरने से हटाने की कोशिश की थी, लेकिन उस समय नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ग्रामीणों के समर्थन में धरने पर बैठ गए. विपक्ष के नेता ने प्रशासनिक अधिकारियों से ग्रामीणों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई न करने को कहा था, लेकिन रविवार को एडीएम प्रशासन एसके बरनवाल, एसपी देहात स्वतंत्र कुमार, उप कलेक्टर विकासनगर विनोद कुमार, एसडीएम चकराता सौरभ असवाल, पुलिस अधिकारी वीडी उनियाल, कार्यपालक निदेशक लखवाड़ व्यास के राजीव अग्रवाल, कोतवाल प्रदीप बिष्ट आदि पुलिस बल के साथ धरना स्थल पर पहुंचे और 17 ग्रामीणों को गिरफ्तार कर लिया.
इसके विरोध में नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने सोमवार को लोहारी जाने का ऐलान किया था, जिसे देखते हुए बाड़वाला में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. अभी तक नेता प्रतिपक्ष कांग्रेसियों को लेकर मौके पर नहीं पहुंचे हैं, हालांकि बाड़वाला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई है.

