नैनीताल , PAHAAD NEWS TEAM
सरोवर शहर नैनीताल में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश के कारण नैनी झील के जलस्तर ने इतिहास के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. 24 घंटे में अब तक करीब 500 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है। बारिश से नैनी झील का पानी तल्लीताल स्थित डांट को पार करते हुए रोडवेज बस स्टैंड समेत डीएम कार्यालय की ओर जाने वाली सड़क पर पहुंच गया है. यहां से पानी आसपास की दुकानों में घुस गया है।
नैनी झील के दोनों गेट खुले होने के बावजूद भी मूसलाधार बारिश से झील का जलस्तर थमने का नाम नहीं ले रहा है. दो दिनों से झील अपने उच्चतम जल स्तर 12.2 फीट पर बनी हुई है। वहीं, नैनीताल का सड़क संपर्क भी देश के अन्य इलाकों से कट गया है. भूस्खलन के कारण कालाढूंगी-हल्द्वानी-भवाली की ओर जाने वाले सभी मार्ग मलबे के कारण बंद हैं। भारी बारिश से नैनीताल आने वाले पर्यटक भी परेशान हैं।
नैनीताल घूमने आए पर्यटक भी आसमानी आपदा से परेशान हो गए हैं। सभी पर्यटक होटल में बंद रहने को मजबूर हैं। इस दौरान कुछ पर्यटक सड़कों पर घूमते देखे गए। उन्होंने कहा कि उन्हें बंद होटल में डर लगता है। इसके साथ ही होटल संचालक उनसे अगले दिन का किराया भी जमा करने को कह रहे हैं। इस वजह से अब नए होटल की तलाश है।

