देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड में गुलाबी ठंडक के बीच बीजेपी अगले 10 दिनों में माहौल गर्म करने जा रही है. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर राज्य का दौरा कर रहे हैं, जो विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रधानमंत्री समेत केंद्रीय मंत्रियों के इन दौरों को काफी अहम माना जा रहा है.
राज्य में अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए अब बीजेपी ने मोर्चा संभाल लिया है. वजह यह है कि उनके सामने साल 2017 के प्रदर्शन को इस बार भी चुनाव में दोहराने की चुनौती है. इसे देखते हुए पार्टी अपनी चुनावी तैयारियों में कोई कसर नहीं छोड़ने के मूड में है. इसलिए पार्टी लगातार उत्तराखंड में केंद्रीय नेताओं के कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तराखंड का दौरा कर चुके हैं। अब यह सिलसिला तेजी से आगे बढ़ रहा है।
इसी कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 30 अक्टूबर को देहरादून में जनसभा को संबोधित कर चुनावी माहौल गर्म करने की कोशिश करेंगे इसके बाद एक नवंबर को केंद्रीय इलेक्ट्रानिक्स एवं सूचना प्रसारण राज्यमंत्री राजीव चंद्रशेखर देहरादून में इंटरनेट एक्सचेंज का उद्घाटन करेंगे . राज्यसभा सदस्य एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी भी इस मौके पर मौजूद रहेंगे। इंटरनेट एक्सचेंज की स्थापना के लिए बलूनी ने ही केंद्र सरकार से आग्रह किया था ।
इतना ही नहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिवाली के अगले दिन केदारनाथ में आदि शंकराचार्य की भव्य प्रतिमा का अनावरण करने के साथ ही वहां पुनर्निर्माण कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे. माना जाता है कि इस दौरान वह उत्तराखंड को कुछ तोहफा दे सकते हैं। साफ है कि इन सब से अगले 10 दिनों तक राज्य में सियासी पारा भी चढ़ेगा.

