उत्तरकाशी , PAHAAD NEWS TEAM
बड़कोट थाने की पुलिस की ओर से चरस तस्करी के एक आरोपी को छोड़ कर वाहन चालक से आठ हजार रुपये वसूल करने का मामला सामने आया है. टैक्सी यूनियन के हस्तक्षेप के बाद बड़कोट पुलिस ने टैक्सी चालक से बरामद पैसे वापस कर दिए और चालक से माफी भी मांगी. एसपी उत्तरकाशी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पुलिस कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है। साथ ही सीओ बड़कोट को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
शनिवार की रात बड़कोट पुलिस ने आरोपी केशव सेमवाल निवासी ग्राम उपराड़ी को चार सौ ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार कर दिखाया. वहीं इस मामले में पुलिस चालक समेत तीन लोगों को गुपचुप तरीके से थाने ले आई थी. इसमें एक पुलिसकर्मी पर आरोप है कि मिलीभगत के बाद एक शख्स को छोड़ा गया. जबकि वाहन चालक से आठ हजार रुपये वसूले गए । रविवार को जब चालक ने टैक्सी यूनियन में आपबीती सुनाई तो पुलिस ने टैक्सी यूनियन के दबाव में आठ हजार रुपये लौटा दिए. इसके बाद यह मामला चर्चा में आ गया।
बड़कोट टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष प्रेम सिंह चौहान ने कहा कि पुलिस ने उनके एक ड्राइवर से वसूली की है. पुलिस ने ड्रग तस्करी के झूठे मामले में चालक को जेल भेजने की धमकी दी थी। संघ ने मामले में पुलिस से बात की तो बड़कोट पुलिस ने चालक से माफी मांगते हुए आठ हजार रुपये लौटा दिए. उन्होंने बड़कोट पुलिस को चेतावनी दी कि इस तरह से चालकों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने बड़कोट पुलिस पर ड्रग तस्करों के साथ मिलीभगत का आरोप लगाया है.
पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने बताया कि नशा तस्करों से मिलीभगत के आरोपी पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है. साथ ही सीओ को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।

