पिथौरागढ़ , PAHAAD NEWS TEAM
सड़क निर्माण की मांग को लेकर छह गांवों के ग्रामीणों ने बीते दिन कलेक्ट्रेट परिसर का घेराव किया. इस दौरान ग्रामीणों ने जिला प्रशासन व स्थानीय विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मांग को लेकर वे पिछले 45 दिनों से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं. लेकिन प्रशासन का कोई प्रतिनिधि उनकी सुध लेने नहीं आया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो सभी छह गांवों के ग्रामीण आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे.
ज्ञात हो कि 25 सितंबर से सड़क की मांग को लेकर धीरे-धीरे भूख हड़ताल पर बैठे बेलतड़ी, क्वार्बन, धारी, बिलई, भाटी गांव और सोन गांव के ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर कलेक्ट्रेट को घेर लिया. ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 2005 में बेलतड़ी क्षेत्र के लिए सड़क स्वीकृत की गई थी, लेकिन 17 साल बाद भी यह सड़क बनकर तैयार नहीं हुई है.
अभी भी बेलतड़ी गांव के लिए 2 किमी सड़क काटी जानी बाकी है। जिसके लिए वे लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क नहीं होने से 10 हजार से ज्यादा आबादी प्रभावित है. मांग पूरी नहीं होने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने का ऐलान किया है.

