टिहरी , PAHAAD NEWS TEAM
जिले के भीलंगना ग्राम सभा तोली थाती बूढ़ाकेदार निवासी भगवान सिंह (40 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय चंदन सिंह की आज दुबई में अचानक मौत हो गयी. जिसकी सूचना के बाद घर में कोहराम मच गया। मृतक भगवान सिंह अपने पीछे मां, पत्नी और चार छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं।
ग्राम प्रधान तोली रमेश जिरवाण ने बताया कि भगवान सिंह 5 दिसंबर को दो-तीन महीने की छुट्टी लेकर घर से दुबई गए थे. आज सुबह अपनी पत्नी से बात करते हुए, भगवान सिंह ने अचानक फोन काट दिया कि उनके पेट में दर्द हो रहा है। कुछ समय बाद कंपनी से घर पर फोन आता है कि भगवान सिंह की मृत्यु हो गई है। तभी से परिवार में कोहराम मच गया है।
पंचायत सदस्य भगवान सिंह राणा ने बताया कि भगवान सिंह जब एक वर्ष के थे तब उनके सिर से पिता का साया उठ गया था। परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत कमजोर होने के कारण भगवान सिंह को घर छोड़कर दुबई जाना पड़ा। वह पिछले आठ साल से दुबई में काम कर रहा था, जिससे परिवार का पालन-पोषण हो रहा था, लेकिन आज एक बार फिर परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, दुबई में भगवान सिंह का कोई परिचित नहीं है। जिसके कारण परिवार को पता नहीं कि भगवान सिंह का शव कब और कैसे घर पहुंचेगा? परिवार वालों का रोने से बुरा हाल है।

