डोईवाला , PAHAAD NEWS TEAM

सरकारी अस्पताल को पीपीपी मोड से मुक्त करने का मामला अब जोर पकड़ रहा है. जनता के साथ-साथ अब पार्टी के नेता भी इसे पीपीपी मोड से हटाने की मांग कर रहे हैं। 90 साल के बुजुर्ग भी धरने पर बैठ कर इसका समर्थन कर रहे हैं. इसे लेकर उत्तराखंड क्रांति दल ने भी आमरण अनशन शुरू कर दिया है।

अनशन पर बैठे 90 वर्षीय बुजुर्ग गिरधारी लाल नैथानी ने कहा कि डोईवाला के इकलौते सरकारी अस्पताल को निजी अस्पताल को बेचने का काम उत्तराखंड की सरकारों ने किया है. जब से अस्पताल निजी अस्पताल के हाथ में गया है, गरीब लोगों का इलाज करना मुश्किल हो गया है। यह अस्पताल रेफर सेंटर बन गया है। जब तक सरकार अस्पताल को पीपीपी मोड से मुक्त नहीं करती तब तक वे भूख हड़ताल पर रहेंगे।

अनशन पर बैठे यूकेडी नेता संजय डोभाल ने बताया कि अब उनकी लड़ाई सरकार से है. वह अपना संघर्ष तब तक जारी रखेंगे जब तक डोईवाला के सीएससी अस्पताल को पीपीपी मोड से मुक्त नहीं कर दिया जाता। इसके लिए उन्हें खाना-पानी छोड़ना भी पड़ जाए तो वह छोड़ने को भी तैयार हैं।