पिथौरागढ़ , PAHAAD NEWS TEAM
दलित युवक पर चाकू से हमला करने वाले आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विषाड़ क्षेत्र के ग्रामीणों ने डीएम कार्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया. ग्रामीणों का कहना है कि कुछ दिन पहले गांव के विजय कोहली को पड़ोसी गांव के सुंदर रावल ने चाकू मारकर घायल कर दिया था. साथ ही हमलावर ने पीड़ित के खिलाफ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया था।
ग्रामीणों ने बताया कि मामले में एससी/एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अभी तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है. आक्रोशित परिजनों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। साथ ही हमलावर को जल्द से जल्द पकड़ने की भी मांग की.
पीड़ित के परिजनों का कहना है कि हमलावर अब पीड़ित को जान से मारने की धमकी दे रहा है. मामले में राजस्व पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ धारा 307, 504 और 506 के तहत मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन अभी भी आरोपी पुलिस हिरासत से बाहर है. वहीं, जिलाधिकारी आशीष चौहान ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है.

