नई दिल्ली/मुंबई , PAHAAD NEWS TEAM
भारत में एक दिन में ओमीक्रोन के सबसे ज्यादा 24 नए मामले सामने आने के साथ ही कोरोना वायरस के नए रूप से संक्रमित लोगों की संख्या शुक्रवार को 100 को पार कर गई । संक्रमण के प्रसार को देखते हुए केंद्र ने लोगों को गैर-जरूरी यात्रा और सामूहिक समारोहों से बचने और नए साल को बड़े पैमाने पर नहीं मनाने की सलाह दी है।
कर्नाटक में पहला मामला सामने आने के महज 15 दिन बाद 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ओमीक्रोन मामलों की संख्या बढ़कर 111 हो गई है। महाराष्ट्र में संक्रमितों की संख्या 40 और दिल्ली में 22 हो गई है। तेलंगाना और केरल से दो-दो और मामले आने के साथ ही संक्रमितों की संख्या बढ़कर क्रमश: आठ और सात हो गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि पिछले 20 दिनों से कोविड संक्रमण के दैनिक मामले 10,000 से कम हैं, लेकिन ओमीक्रोन रूप में बढ़ते मामलों को देखते हुए सतर्क रहने की जरूरत है।
केंद्र और राज्य के अधिकारियों के मुताबिक, इस स्वरूप के 40 महाराष्ट्र में, 22 दिल्ली में, 17 राजस्थान में, आठ कर्नाटक में, आठ तेलंगाना में, पांच गुजरात में, सात केरल, उत्तर प्रदेश में 2 ,आंध्र प्रदेश, चंडीगढ़, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में एक-एक मामला सामने आया हैं। देश में ओमीक्रोन के पहले दो मामले कर्नाटक में 2 दिसंबर को आए थे।
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के महानिदेशक डॉ. बलराम भार्गव ने कहा, “चूंकि ओमीक्रोन रूप यूरोप और दुनिया के अधिकांश हिस्सों में तेजी से फैल रहा है, इसलिए गैर-जरूरी यात्रा और सामूहिक समारोहों से बचा जाना चाहिए और उत्सवों को बड़े स्तर पर आयोजित नहीं करना चाहिए ।
उन्होंने कहा कि पांच प्रतिशत से अधिक कोविड संक्रमण दर वाले जिलों को कम से कम दो सप्ताह के लिए पांच प्रतिशत से नीचे आने तक निवारक उपाय सुनिश्चित करने की आवश्यकता है।
यह पूछे जाने पर कि क्या ओमीक्रोन स्वरूप कम्युनिटी स्प्रेड स्तर पर है, अग्रवाल ने कहा, “हम इस समय यह नहीं कह सकते कि ओमीक्रोन स्वरूप भारत में व्यापक है।” ओमीक्रोन के अधिकांश मामलों का यात्रा इतिहास या ऐसे लोगों से संपर्क होता है जिनका यात्रा इतिहास है।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया कि 22 मरीजों में से 10 को छुट्टी दे दी गई है. मंत्री ने गुरुवार को बताया था कि इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर पहुंचने पर कई अंतरराष्ट्रीय यात्री कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए.
सभाओं में जाने से बचें
स्वास्थ्य विशेषज्ञों और डॉक्टरों ने कहा कि लोगों को सभाओं में शामिल होने से बचना चाहिए और COVID-उपयुक्त व्यवहार का पालन करना चाहिए। यदि ऐसा नहीं किया गया तो इस प्रकार के कोरोना वायरस के अत्यधिक संक्रामक स्वरूप को देखते हुए महामारी की स्थिति और खराब हो सकती है। उन्होंने कहा कि इस साल की शुरुआत में कोविड संक्रमण की “दूसरी लहर की भयावहता” को देखने के बावजूद, नागरिकों के एक बड़े वर्ग में “लापरवाही की भावना” फिर से उभर आई है।
लोक नायक जय प्रकाश नारायण (एलएनजेपी) अस्पताल के एक वरिष्ठ चिकित्सक ने कहा, “ओमीक्रोन अत्यधिक संक्रामक है। लोगों को सभाओं से बचना चाहिए और सभी COVID-उपयुक्त व्यवहार का पालन करना चाहिए।
प्रतिबंधात्मक उपायों को लागू किया जाए : डॉ. पॉल
नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ. वी.के. पॉल ने कहा कि यूरोप कोविड-19 महामारी के एक नए चरण का अनुभव कर रहा है, जिसमें 80 प्रतिशत आंशिक टीकाकरण के बावजूद मामलों में भारी वृद्धि हुई है। पॉल ने कहा, ‘कुल मिलाकर स्थिति स्थिर है लेकिन कुछ जिलों में संक्रमण दर बढ़ रही है और यदि आवश्यक हो तो निवारक उपायों को लागू किया जाना चाहिए।

