मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM

शिफन कोर्ट के 80 बेघर परिवार आवास की मांग को लेकर लंबे समय से लामबंद हैं. शिफन कोर्ट आवासहीन कमजोर मजदूर वर्ग एवं अनुसूचित जाति संघर्ष समिति द्वारा नवनिर्मित टाउन हॉल के मुख्य द्वार पर 20 दिसंबर को अनशन करने की घोषणा की है. जिसकी जानकारी एसडीएम मसूरी को दी गई है। पीड़ित परिवारों का कहना है कि जब तक उनके ठहरने की उचित व्यवस्था नहीं हो जाती, उनका आंदोलन जारी रहेगा.

शिफन कोर्ट, आवासहीन निर्बल मजदूर वर्ग एवं अनुसूचित जाति संघर्ष समिति के अध्यक्ष संजय टम्टा और महामंत्री राजेन्द्र सेमवाल ने कहा कि मसूरी रोपवे का काम अभी शुरू नहीं हुआ है. जबकि शिफन कोर्ट में रहने वाले 80 परिवारों को पुलिस और प्रशासन ने बेदखल कर सड़कों पर छोड़ दिया है. जिसके बाद मसूरी विधायक गणेश जोशी और नगर अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने सभी 80 परिवारों को विस्थापित करने की बात कही थी, लेकिन यह आश्वासन तक ही सीमित रह गया है.

उन्होंने कहा कि जमीन पर कुछ भी नजर नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि सभी 80 बेघर परिवार 20 दिसंबर को टाउन हॉल के मुख्य द्वार पर अनशन करेंगे. साथ ही सभी 80 परिवारों को मुख्यमंत्री से विस्थापित करने की मांग की जाएगी. कैबिनेट मंत्री और मसूरी विधायक गणेश जोशी ने कहा कि नगर पालिका ने शिफन कोर्ट के बेघर लोगों को आईडीएच के पास विस्थापित करने के लिए जगह उपलब्ध कराई है.

जहां आईडीएच में शिफन कोर्ट के बेघर लोगों के लिए माता मंगला द्वारा 5 करोड़ 42 लाख रुपये की लागत से एक हंस कॉलोनी बनाई जानी है। जिसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को 20 दिसंबर को भूमि पूजन करना है. उन्होंने कहा कि इसके बाद भी अगर शिफन कोर्ट के लोग राजनीति से प्रेरित होकर कुछ कर रहे हैं तो इसमें कुछ नहीं किया जा सकता. उन्होंने शिफन कोर्ट के बेघर लोगों को विस्थापित करने का वादा किया था, जिसे वह पूरा कर रहे हैं।

क्या है शिफन कोर्ट विवाद: आपको बता दें, कुछ साल पहले पर्यटन विभाग ने पुरुकुल को मसूरी से जोड़ने के लिए यहां रोपवे बनाने की योजना तैयार की थी. सरकार से इसकी मंजूरी मिलने के बाद रोपवे के निर्माण के लिए एक फ्रांसीसी कंपनी के साथ एक समझौते पर भी हस्ताक्षर किए गए। लेकिन आखिरी समय में मसूरी में लाइब्रेरी बस स्टैंड के नीचे बसी अवैध मजदूर बस्ती शिफन कोट ने इस काम में रोड़ा अटका दिया था . यह बस्ती नगर पालिका मसूरी की भूमि पर स्थित थी। जिसके बाद पुलिस और प्रशासन ने शिफन कोर्ट से जबरन अतिक्रमण मुक्त कराया.