हल्द्वानी , PAHAAD NEWS TEAM
कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत ने तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय हनी बी महोत्सव का समापन किया. तीन दिवसीय महोत्सव के अंतिम दिन किसानों को मौन पालन से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई गई। जहां करीब 700 किसानों ने भाग लिया।
महोत्सव में विभिन्न राज्यों के उत्पादकों ने अपने 35 स्टालों के माध्यम से लोगों को शहद की उपलब्धता के साथ-साथ शहद से संबंधित जानकारी प्रदान की। महोत्सव में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने जमकर शहद की खरीदारी भी की। महोत्सव में बागवानी विभाग द्वारा शहद की मार्केटिंग को लेकर 4 विदेशी कंपनियों के साथ एमओयू भी किया गया। मौन पालन के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले किसानों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
अंतर्राष्ट्रीय हनी-बी महोत्सव में उत्तराखंड के साथ-साथ मध्य प्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु, हिमाचल प्रदेश, अमेरिका, सिंगापुर और तुर्की के वैज्ञानिकों ने भी भाग लिया। महोत्सव के अंतिम दिन मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत ने कहा कि इस अंतरराष्ट्रीय हनी-बी महोत्सव का आयोजन बागवानी विभाग की पहल से किया गया है.
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा उत्तराखंड के किसानों की आय दोगुनी करने की है. इस संबंध में विभिन्न कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। उत्तराखंड के कई युवा मौन पालन के क्षेत्र में काम कर रहे हैं, जिसे सरकार 80% सब्सिडी के माध्यम से मौन पालन के क्षेत्र में काम करने का अवसर दे रही है और कई युवा इस क्षेत्र में काम करके अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकते हैं।

