नैनीताल , PAHAAD NEWS TEAM
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने नैनीताल, हल्द्वानी और रामनगर में 19 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया. महाराज ने लोक निर्माण विभाग, पर्यटन एवं सिंचाई विभाग की ₹19 करोड़ 44 लाख 92 हजार की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
वहीं ललित कला अकादमी, भारत सरकार और उत्तराखंड संस्कृति विभाग के सहयोग से नैनीताल क्लब में राष्ट्रीय चित्रकला शिविर का आयोजन किया गया. जिसमें महाराज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में देश भर के 25 कलाकारों को पेंटिंग से संबंधित सामग्री देकर मंत्री द्वारा सम्मानित किया गया.
सतपाल महाराज ने रामनगर-काशीपुर रोड के हल्दुवा थारी कन्दला रोड के पुनर्निर्माण और सुधार, रामनगर ट्रांसपोर्ट से तेलीपुरा चिल्किया मार्ग के विस्तारीकरण और रामनगर रिंग रोड के हाथीडंगर से मालधन ढेला नदी तक चौड़ीकरण और पुनर्निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी.
सतपाल महाराज ने कहा कि जल्द ही उत्तराखंड में ललित कला अकादमी की स्थापना उत्तराखंड में की जाएगी। हमें अपनी संस्कृति की पहचान देश-विदेश में ले जाना है। ताकि यहां के कलाकारों को दुनिया में एक मंच मिल सके। हमें अपनी मूल संस्कृति को नहीं भूलना चाहिए। उत्तराखंड के वाद्य यंत्र ढोल, दमाऊ को बढ़ावा दिया जाएगा। ढोल दमाऊ हमारी विरासत है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के वाद्य यंत्र का नाम गिनीज बुक में दर्ज कराने के प्रयास किए जाएंगे। उत्तराखंड संस्कृति का केंद्र है। हमें अपनी संस्कृति को यथासंभव बढ़ावा देना है। ताकि हमारे कलाकार अपनी पहचान के साथ पूरी दुनिया में हमारी संस्कृति का झंडा फहरा सकें।

