देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM
ओमीक्रोन संक्रमित यात्रियों के उत्तराखंड पहुंचने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है. खबर है कि राज्य में ऐसे 3 यात्रियों की पहचान की गई है। इसके साथ ही सर्विलांस टीम उन यात्रियों की भी तलाश कर रही है जो हाल ही में कोविड पॉजिटिव बुजुर्ग दंपत्ति के संपर्क में आए थे। दंपति दिल्ली में एक ओमीक्रोन संक्रमित परिवार के संपर्क में आया था। दोनों अभी भी ओमीक्रोन संदिग्ध हैं, उनकी जिनोम टेस्ट रिपोर्ट आना बाकी है।
ज्ञात हो कि पूरे देश में ओमीक्रोन वायरस का खतरा बढ़ता जा रहा है। ऐसे में उत्तराखंड में ऐसे मरीजों के संपर्क में आने वाले लोगों का खतरा बढ़ गया है. इसलिए स्वास्थ्य विभाग ने उन लोगों की तलाश शुरू कर दी है जो हाल ही में ओमीक्रोन संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए हैं। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक 3 लोगों की पहचान हो चुकी है.
इसमें एक व्यक्ति विकासनगर पहुंचा है, एक देहरादून के बसंत विहार और एक ऋषिकेश पहुंचा है. ये लोग अमेरिका से उसी फ्लाइट से आए हैं, जिसमें जांच में कई यात्री कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। हालांकि देहरादून के बसंत विहार पहुंचे यात्री की रिपोर्ट निगेटिव आई है, बाकी दो लोगों के सैंपल भी भेजे गए हैं।
वहीं दिल्ली से ओमीक्रोन संक्रमित रिश्तेदारों से मिल कर देहरादून लौटे बुजुर्ग दंपत्ति के संपर्क में आए लोगों की भी पहचान की जा रही है ताकि ऐसे लोगों के सैंपल भी जांच के लिए भेजे जा सकें. इनके संपर्क में आई दो नौकरानियों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। ये बुजुर्ग दंपत्ति कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। उनकी जिनोम टेस्ट रिपोर्ट आना बाकी है। जिन परिजन के साथ बुजुर्ग दंपत्ति दिल्ली में मुलाकात कर देहरादून लौटे थे, वे कुछ समय पहले कतर से भारत आए थे।
आपको बता दें कि फिलहाल राज्य में ओमीक्रोन से संक्रमित कोई मरीज नहीं पाया गया है. लेकिन ऐसे यात्रियों के संपर्क में आने के बाद राज्य में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है.

