देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM
राज्य में कोरोना की संभावित तीसरी लहर को देखते हुए सरकार ने पूरी तैयारी कर ली है. कोरोना के नए वेरियेन्ट ओमीक्रोन से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। अधिकारियों को राज्य की सीमाओं, हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों और बस स्टैंडों पर कोरोना टेस्टिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं. राज्य में कोरोना संक्रमितों के लिए 6,572 ऑक्सीजन बेड और 1,016 वेंटिलेटर आरक्षित किए गए हैं.
राज्य के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य के लोगों को कोरोना से घबराने की जरूरत नहीं है, बल्कि सावधानी बरतने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने कोरोना की संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए पूरी तैयारी कर ली है. कोरोना के नये वेरियेन्ट ओमीक्रोन से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। डॉ. रावत ने बताया कि प्रदेश में कुल 13,674 ऑक्सीजन बेड हैं. जिसमें से 6,572 ऑक्सीजन बेड कोरोना संक्रमितों के लिए आरक्षित किए गए हैं।
धन सिंह रावत ने कहा कि अकेले स्वास्थ्य विभाग में मेडिकल कॉलेज सहित 8,179 ऑक्सीजन बेड और निजी अस्पतालों के साथ 5,495 बेड हैं, जबकि 2,243 ऑक्सीजन बेड बच्चों के लिए अलग से उपलब्ध हैं. इसी तरह राज्य में कुल 2,113 आईसीयू बेड उपलब्ध हैं। जिसमें से 1,655 आईसीयू बेड कोविड संक्रमितों के लिए आरक्षित किए गए हैं। इसी तरह, राज्य में कुल 1,451 वेंटिलेटर्स उपलब्ध हैं। जिनमें से 1,016 को कोरोना संक्रमितों के लिए आरक्षित किया गया है।
इसके अलावा 503 आईसीयू बेड बच्चों के लिए आरक्षित किए गए हैं, जबकि 4,94 निक्कू बेड भी उपलब्ध हैं। उत्तराखंड में कुल 22,420 ऑक्सीजन सिलेंडर और 9,838 ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर हैं। राज्य में कुल 88 पीएसए ऑक्सीजन प्लांट स्थापित हैं, जिनमें से 71 कार्यरत हैं। जिसकी उत्पादन क्षमता 39,140 एलपीएम है। सरकार ने कोविड से निपटने के लिए 69 बाल रोग विशेषज्ञों, 32 स्टाफ नर्स, 31 चिकित्सकों, 60 चिकित्सा अधिकारियों, 35 एनेस्थेटिस्ट और 537 ईएमटी कार्मिकों को प्रशिक्षित किया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य में ओमीक्रोन का पहला मामला सामने आया है. विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि संक्रमित बच्ची के संपर्क में आए सभी लोगों की जांच कर उन्हें आइसोलेट कर उन पर निगरानी रखी जाए. ओमाइक्रोन से घबराने की बजाय सावधान रहें और कोविड के नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण की संभावनाओं को देखते हुए विभागीय अधिकारियों को राज्य की सीमाओं, हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों और बस स्टैंडों पर कोरोना टेस्टिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं.

