हरिद्वार , PAHAAD NEWS TEAM

हरिद्वार में धर्म संसद का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. वहीं धर्म संसद के संयोजक रहे संतों ने 16 जनवरी को हरिद्वार में प्रतिकार सभा और 22-23 जनवरी को अलीगढ़ में धर्म संसद आयोजित करने का मन बना लिया है. तब से लेकर अब तक धर्म संसद लगातार चर्चाओं में बनी हुई है। इस बार विश्व हिंदू परिषद की फायर ब्रांड लीडर साध्वी प्राची ने धर्म संसद का समर्थन किया है. उन्होंने एक बार फिर धर्म संसद के विवाद को जन्म दिया है। साध्वी प्राची का कहना है कि धर्म संसद होनी चाहिए और धर्म संसद में आए विषयों पर खुली बहस होनी चाहिए.

महात्मा गांधी पर कालीचरण के बयान पर साध्वी प्राची का कहना है कि यह बहस का विषय है. इस पर खुले मंच पर बहस होनी चाहिए। देश की नई पीढ़ी को पता होना चाहिए कि देश की आजादी के लिए किसने फांसी ली और किसने देश की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी। कौन शहीद हुआ और किसने इस सबका श्रेय लिया। इसलिए खुले मंच पर महात्मा गांधी पर बहस होनी चाहिए और फिर अपनी राय बनानी चाहिए कि कौन सही था और कौन गलत।

अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रवींद्र पुरी ने धर्म संसद का समर्थन किया और कहा कि धर्म संसद होने में कुछ भी गलत नहीं है। धर्म की रक्षा के लिए समय-समय पर अनेक स्थानों पर धर्म संसद का आयोजन होता रहा है। साथ ही उन्होंने धर्म संसद और दिए गए बयानों पर कहा कि संतों को अपनी वाणी पर संयम रखना चाहिए. संतों का काम धर्म की रक्षा करना और समाज की एकता बनाए रखना है न कि प्रतिशोध और घृणा की भावना देना।

वहीं, संतों के खिलाफ मामलों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि हम पहले ही धर्म संसद में अखाड़ों से जुड़े संतों को निर्देश दे चुके हैं कि आप भविष्य में इस तरह के बयान न दें. उधर, अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रवींद्र पुरी ने संतों के खिलाफ मामलों पर कहा कि कानूनी प्रक्रियाएं हैं. कानून अपने हिसाब से काम कर रहा है। स्थिति के अनुसार देखेंगे।